'Gyanesh Kumar, It's Done Bro': राहुल-प्रियंका आकाशवाणी भवन में धरने पर, Akhilesh Yadav-अभिषेक हिरासत में
Gyanesh Kumar Row: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी INDIA ब्लॉक के सांसदों ने मंगलवार(6 अक्टूबर) को संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च निकाला। हालांकि, पुलिस ने मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद विपक्षी सांसद सड़क पर धरने पर बैठ गए। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा बाद में आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए, जबकि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ'ब्रायन समेत कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
विपक्ष का आरोप है कि SIR (Special Intensive Revision) और मतदाता सूची से जुड़े फैसलों में पारदर्शिता नहीं बरती गई। विपक्षी दल इसे चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़ा मुद्दा बता रहे हैं। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर SIR-2026 और मतदाता सूची से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध हैं।

संसद से निकला मार्च, रास्ते में पुलिस ने रोका
INDIA ब्लॉक के सांसद मंगलवार सुबह संसद के मकर द्वार से चुनाव आयोग के निर्वाचन सदन की ओर निकले। मार्च में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव, अभिषेक बनर्जी और कई अन्य विपक्षी नेता शामिल हुए। मार्च को NITI Aayog और आकाशवाणी भवन के बीच संसद मार्ग पर पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद सांसद वहीं बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्षी सांसदों के हाथों में 'Save Democracy' और 'Save My Vote' जैसे पोस्टर थे।
राहुल गांधी पुलिस बैरिकेड पर चढ़कर तिरंगा लहराते भी नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'Gyanesh, it's done bro. Time to resign.'
राहुल-प्रियंका हिरासत के बाद आकाशवाणी भवन पहुंचे
मार्च को रोकने के दौरान पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेकर बस में बैठाया। इसके बाद दोनों बस से बाहर निकले और आकाशवाणी भवन परिसर की ओर चले गए। बाद में दोनों वहां धरने पर बैठ गए। रिपोर्टों के मुताबिक राहुल और प्रियंका आकाशवाणी भवन के गेट नंबर-4 के पास एक पेड़ के नीचे बैठे। उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और दीपेंद्र हुड्डा भी मौजूद रहे। पुलिस ने परिसर को सरकारी संपत्ति बताते हुए प्रदर्शनकारियों से वहां से हटने को कहा। एक पुलिस बस को भी आकाशवाणी भवन परिसर के अंदर ले जाने की कोशिश की गई।
अखिलेश यादव और अभिषेक बनर्जी भी हिरासत में
मार्च के दौरान पुलिस ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ'ब्रायन समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया। अखिलेश लगातार चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि आयोग का रवैया ऐसा है जैसे केवल बीजेपी के समर्थकों को ही नागरिक अधिकार प्राप्त हों। ये विपक्ष का आरोप है, जिसे बीजेपी और चुनाव आयोग स्वीकार नहीं करते।
'ONE NATION, ONE ELECTION' BJP का 'ONCE CORRUPTION, ONCE ELECTION'
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि जो देश की खातिर हैं लड़ते, वो गिरफ़्तारी से नहीं हैं डरते। BJP ही CEC है। देश का एकमत, CEC दे त्यागपत्र। 'ONE NATION, ONE ELECTION' की छोटी बात करने वालों का असली मंसूबा और 'चंडीगढ़ी चाल' ये है कि एक बार में ही चुनाव कराकर सब निपटा दो, बार-बार घपला करने की जरूरत ही न पड़े। घपला-घोटाला जितनी कम बार होगा, पकड़े जाने की आशंका भी उतनी ही कम होगी। दरअसल, ONE NATION, ONE ELECTION की जगह, इन भाजपाइयों को कहना चाहिए 'ONCE CORRUPTION, ONCE ELECTION'। मतलब अब केवल एक और बार ही चुनाव करवाने की साजिश है, फिर कभी चुनाव होगा ही नहीं।
राहुल का 'Gyanesh, It's Done Bro' पोस्टर क्यों चर्चा में?
प्रदर्शन में राहुल गांधी एक पोस्टर के साथ नजर आए, जिस पर लिखा था... 'Gyanesh, It's Done Bro' यह संदेश खास तौर पर युवा और Gen-Z मतदाताओं को ध्यान में रखकर इस्तेमाल किए गए राजनीतिक संचार का हिस्सा माना जा सकता है।राहुल ने इसी लाइन को सोशल मीडिया पोस्ट में भी इस्तेमाल किया और CEC के इस्तीफे की मांग दोहराई।
जया बच्चन के पोस्टर में PDA का मुद्दा
प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी सांसद जया बच्चन भी एक पोस्टर लेकर पहुंचीं। इसमें PDA का मुद्दा उठाया गया। PDA का मतलब है...
- P:पिछड़ा वर्ग
- D:दलित
- A:अल्पसंख्यक
समाजवादी पार्टी लंबे समय से PDA को अपने राजनीतिक सामाजिक गठजोड़ के रूप में पेश करती रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा ने उत्तर प्रदेश में 37 सीटें जीती थीं। इसलिए चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे को सपा के लिए केवल संस्थागत सवाल नहीं, बल्कि अपने सामाजिक-राजनीतिक आधार से जोड़कर देखने की कोशिश भी दिखाई देती है।
इमरान मसूद बोले- 'लड़ाई आखिरी दम तक लड़ेंगे'
Oneindia Hindi से खास बातचीत में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर अपनी लड़ाई आखिरी दम तक जारी रखेगा। उन्होंने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष इस मामले को अंतिम छोर तक ले जाएगा। यूपी में सीट शेयरिंग के सवाल पर मसूद ने कहा कि विपक्षी गठबंधन मजबूत है और सीट बंटवारे को लेकर बातचीत के बाद समाधान निकलेगा।
धर्मेंद्र यादव ने SIR को लेकर क्या कहा?
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि SIR की घोषणा के बाद से समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव इसका विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि चुनाव आयोग के फैसले लोकतंत्र, संविधान और कानून के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष तब तक आंदोलन जारी रखेगा, जब तक ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया नहीं जाता। ये सभी दावे विपक्षी नेताओं के राजनीतिक आरोप हैं। चुनाव आयोग की ओर से SIR और मतदाता सूची की प्रक्रिया को लेकर अलग-अलग स्पष्टीकरण दिए गए हैं।
विपक्ष की 5 प्रमुख मांगें
- 1. ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें: विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है और मतदाता सूची से जुड़े विवादों की जांच की मांग कर रहा है।
- 2. वोटर लिस्ट में पारदर्शिता हो: विपक्ष चाहता है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और सुधार की प्रक्रिया की जानकारी बूथ और विधानसभा स्तर तक सार्वजनिक हो।
- 3. SIR पर रोक/पुनर्विचार: विपक्ष का कहना है कि SIR के कारण बड़ी संख्या में मतदाता प्रभावित हो सकते हैं। वह प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता और पुराने मतदाता डेटा को आधार बनाए रखने की मांग कर रहा है।
- 4. EVM की जगह बैलट पेपर: INDIA ब्लॉक की बैठकों में EVM हटाकर बैलट पेपर से चुनाव कराने की मांग भी उठाई गई है।
- 5. विपक्षी दलों की एकजुटता: विपक्ष चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और चुनाव आयोग की जवाबदेही के मुद्दे पर सभी विपक्षी दलों को एकजुट रखने की कोशिश कर रहा है।
दिल्ली से मुंबई तक बढ़ा विरोध
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रहा है। पिछले कुछ दिनों में दिल्ली और मुंबई में अलग-अलग संगठनों और विपक्षी दलों ने प्रदर्शन किए हैं। 4 अक्टूबर को उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के नेतृत्व में मुंबई में भी CEC के खिलाफ प्रदर्शन हुआ, जिसमें SIR और EVM से जुड़े मुद्दे उठाए गए। वहीं, 2 अक्टूबर को दिल्ली में भी बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए थे।


Click it and Unblock the Notifications
