गुवाहाटी पुलिस गांजा खरीदना चाहती है, ट्विटर पर पूछा सबसे लोकप्रिय जगह कहां है
नई दिल्ली। असम में जिस तरह से गांजा तस्करी जोरो पर है उसके खिलाफ पुलिस अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत असम पुलिस ने ट्विटर पर एक ट्वीट किया है जोकि चर्चा का विषय बन गया है। असम पुलिस ने बॉलीवुड फिल्म कबीर सिंह का कार्टून साझा करते हुए लिखा है कि गांजा खरीदने के लिए सबसे मुफीद जगह कहां है, हम लोग एक सर्वे कर रहे हैं। बता दें कि फिल्म कबीर सिंह में कबीर सिंह की भूमिका निभा रहे शाहिद कपूर काफी नशा करते हैं। इसी फिल्म का कार्टून साझा करते हुए पुलिस ने पूछा है कि हम लोग थोक में गांजा खरीदना चाहते हैं क्या कोई बता सकता है।

दिलचस्प बात यह है कि गुवाहाटी पुलिस के इस ट्वीट का काफी लोगों ने काफी मजेदार और दिलचस्प जवाब दिया है। एक यूजर ने लिखा है कि बच्चों का इंस्टाग्राम अकाउंट देखिए। खुद को भी बच्चों की तरह पेश कीजिए और आपको शराब, ड्रग्स, गांजा सबकी जानकारी मिल जाएगी। आप मुझे बाद में शुक्रिया कह सकते हैं। वहीं दूसरी यूजर ने लिखा है कि यह सब करने की बजाए लोगों की शिकायत पर तुरंत जवाब दिया करिए और उनकी शिकायत पर कार्रवाई कीजिए।
बता दें कि फिल्म कबीर सिंह दक्षिण भारत की फिल्म अर्जुन रेड्डी की रीमेक है। कबीर सिंह फिल्म में मुख्य किरदार शाहिद कपूर काफी होनहार छात्र होते हैं और पेशे से डॉक्टर होते हैं। लेकिन जब फिल्म में उनकी प्रेमिका उन्हें छोड़ देती है तो वह नशे में डूब जाते हैं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है और शाहिद कपूर के करियर की सबसे सफल फिल्म साबित हुई है। फिल्म ने अबतक 200 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई की है।












Click it and Unblock the Notifications