कितने भरोसे के हैं एग्जिट पोल, असल नतीजों के आंकड़े ये रहे
नई दिल्ली। गुजरात और हिमाचल में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद तुरंत बाद सामने आए एग्जिट पोल में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। सभी एग्जिट पोल में साफ तौर से नजर आ रहा है कि दोनों ही राज्यों में बीजेपी की सरकार आएगी। हालांकि अभी जनता का फैसला क्या है इसका पता 18 दिसंबर को चलेगा, जब वोटों की गिनती शुरू होगी। उसी समय फाइनल नतीजे सामने आएंगे। फिलहाल गुजरात में गुरुवार को दूसरे चरण का मतदान संपन्न होने के साथ ही एग्जिट पोल सामने आए हैं। इन सभी एग्जिट पोल में साफ तौर से नजर आ रहा है कि गुजरात और हिमाचल की जनता ने एक बार फिर से प्रधानमंत्री मोदी के पर भरोसा जताते हुए बीजेपी को ही सत्ता की चाबी सौंपी है। हालांकि एग्जिट पोल में बीजेपी के लिए भले ही खुशखबरी नजर आ रही है लेकिन जब तक फाइनल नतीजे नहीं आते कुछ भी कहना मुश्किल है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस बार के चुनाव में कांग्रेस के लिए खुद राहुल गांधी ने पूरी रणनीति तैयार की। खास तौर से गुजरात में राहुल गांधी ने जमकर प्रचार किया।

गुजरात-हिमाचल में कौन बनाएगा सरकार?
कांग्रेस को इस बार उम्मीद है कि वो गुजरात में वापसी करेंगे। हालांकि एग्जिट पोल से जो बातें सामने आई हैं वो कहीं न कहीं कांग्रेस की परेशानी को बढ़ा रही है। बावजूद इसके कांग्रेस ने एग्जिट पोल को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्हें विश्वास है कि इस बार जनता का फैसला कुछ और होगा। कांग्रेस ने जिस तरह से एग्जिट पोल के नतीजों को नकारा है ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या एग्जिट पोल पर विश्वास किया जाना चाहिए। इसकी पड़ताल के लिए हम पिछले कुछ चुनावों के एग्जिट पोल और फिर वास्तविक नतीजों पर नजर डालते हैं। आखिर कितने भरोसे के हैं एग्जिट पोल और असल नतीजों के आंकड़ें देखिए...

यूपी चुनाव में एग्जिट पोल के आंकड़े और फाइनल नतीजे
गुजरात और हिमाचल चुनाव से ठीक पहले यूपी समेत पांच राज्यों के चुनाव हुए थे। इन चुनावों में सबसे अहम राज्य उत्तर प्रदेश ही था, जहां विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद आए एग्जिट पोल में लगभग सभी ने बीजेपी को बड़ी जीत की संभावना जताई थीं। इसमें इंडिया टुडे-एक्सिस के सर्वे में बीजेपी को 251 से 279, सपा-कांग्रेस गठबंधन के खाते में 88 से 112 सीटें और बीएसपी को 28 से 42 सीटें जाने का अनुमान जताया था। इसी तरह एबीपी-सीएसडीएस के एग्जिट पोल में बीजेपी को 156 से 169, सपा-कांग्रेस गठबंधन को 156 से 169 और बीएसपी के खाते में 60-71 सीटों की संभावना जताई गई थी। ऐसे ही टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल में बीजेपी को 285 सीटें, सपा-कांग्रेस को 88 सीटें और बीएसपी को 27 सीटों का अनुमान जताया था। इंडिया टीवी-सी वोटर के एग्जिट पोल में बीजेपी ने 155-167, सपा-कांग्रेस 135 से 147 और बीएसपी को 81 से 93 सीटें की संभावना जताई थी। यूपी विधानसभा चुनाव के फाइनल नतीजे सामने आने पर यूपी के सभी एग्जिट पोल के आंकड़ों में काफी अंतर नजर आया। हालांकि बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी लेकिन जनता का फैसला एकतरफा सा रहा। बीजेपी ने यूपी में सबसे ज्यादा 325 सीटें हासिल की। किसी भी एग्जिट पोल में बीजेपी की इतनी बड़ी जीत की उम्मीद नहीं जताई थी। वहीं सबसे ज्यादा चौंकाने वाला रहा बीएसपी का आंकड़ा। बीएसपी के खाते में महज 19 सीटें आई। वही यूपी में सत्ता संभालने वाली समाजवादी पार्टी ने यूपी चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ। सपा-कांग्रेस गठबंधन को 54 सीटें आईं। इसमें सपा के खाते में महज 47 और कांग्रेस के खाते में 7 सीटें आईं।

उत्तराखंड में क्या रहा था हाल
अब बात 2017 में हुए उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की, जिसमें चुनाव के ठीक बाद आए सभी बड़े एग्जिट पोल में बीजेपी की जीत के साथ प्रदेश में सरकार बनाने का दावा किया गया। इसमें इंडिया टुडे-एक्सिस के एग्जिट पोल में बीजेपी के खाते में 46 से 53 सीटों का अनुमान जताया, कांग्रेस के खाते में 12 से 21 और अन्य के खाते में 2 से 6 सीटों का अनुमान जताया गया। एबीपी-सीएसडीएस ने अपने एग्जिट पोल में बीजेपी को 34 से 42 सीटें, कांग्रेस को 23 से 29 सीटें और अन्य को 3 से 9 का अनुमान जताया। टुडेज-चाणक्य के एग्जिट पोल में बीजेपी को 53, कांग्रेस 15 सीट और अन्य को दो सीट की संभावना जताई गई। इंडिया टीवी-सी वोटर के एग्जिट पोल में बीजेपी 29 से 35 सीटें, कांग्रेस को भी 29 से 35 सीटें और अन्य के खाते में दो सीटों का अनुमान जताया गया। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव का फाइनल नतीजा जब सामने आया तो बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की। किसी भी एग्जिट पोल में बीजेपी ने इतनी सीटें नहीं दी थी उससे कहीं ज्यादा सीटें आईं। इस चुनाव में बीजेपी को 57 सीटें आईं वहीं कांग्रेस के खाते में महज 11 सीटें ही आई। कुल मिलाकर एग्जिट पोल के आंकड़ों से ये तो साफ रहा कि बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी लेकिन 57 सीटें जीतना वाकई में चौंकाने वाला रहा।

पंजाब में एग्जिट पोल और फाइनल नतीजों में क्या था अंतर
पंजाब विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में भी जो आंकड़े आए और फाइनल नतीजों में काफी अंतर देखने को मिला। इस चुनाव के एग्जिट पोल में एक बात साफ नजर आई की बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल-बीजेपी गठबंधन का प्रदर्शन प्रभावित होगा। उनकी करारी हार होगी। नतीजों में वो नजर आया हालांकि जिस तरह से आम आदमी पार्टी को लेकर एग्जिट पोल्स में संभावनाएं जताई गई थी वैसा नहीं रहा। कांग्रेस सबसे बड़ा दल बनकर आई और प्रदेश में सरकार भी उसी ने बनाया। पंजाब के फाइनल नतीजों की बात करें तो कांग्रेस के खाते में 77 सीटें आई, आम आदमी पार्टी को महज 20 सीटें आई और बीजेपी-शिरोमणि अकाली दल गठबंधन को महज 15 सीटों पर संतोष करना पड़ा।

गोवा की स्थिति पर एक नजर
गोवा विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में बीजेपी को सबसे बड़े दल के तौर पर दिखाया गया। हालांकि कांग्रेस भी कांटे टक्कर देती नजर आई। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी के लिए संभावनाएं जताई गई। हालांकि जब फाइनल नतीजे आए तो वो चौंकाने वाले रहे। गोवा में सबसे ज्यादा सीटों के साथ कांग्रेस बड़ी पार्टी बनीं। कांग्रेस के खाते में 17 सीटें गईं, वहीं बीजेपी को 13 सीटें आईं। आम आदमी पार्टी का खाता नहीं खुला। एमजीपी और अन्य के खाते में 3-3 सीटें आईं। आखिर में बीजेपी ने सबसे पहले बहुमत का आंकड़ा दूसरे दलों के साथ गठबंधन करके पूरा कर लिया और गोवा में सरकार बनाई।

बिहार में फेल रहे थे एग्जिट पोल
एग्जिट पोल के आंकड़े 2015 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में भी सटीक साबित नही हुए थे। उस समय सामने आए एग्जिट पोल में बीजेपी और जेडीयू-आरजेडी-कांग्रेस महागठबंधन के बीच कांटे की टक्कर की बात कही गई थी। हालांकि ये भी कहा जा रहा था कि बीजेपी और महागठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला होगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जब नतीजे आए तो उसने एग्जिट पोल के आंकड़ों को बिल्कुल उलट दिया। जेडीयू और आरजेडी ने सबसे ज्यादा सीटें हासिल की। फाइनल नतीजों पर गौर करें तो सत्ताधारी जेडीयू को 71 सीटें आईं, सबसे बड़ी पार्टी आरजेडी बनीं, जिसने 80 सीटें हासिल की। फिर कांग्रेस पार्टी रही जिसने 27 सीटें हासिल की। वहीं बीजेपी को महज 58 सीटें ही आईं। इस तरह से बिहार में महागठबंधन की सरकार बनीं, लेकिन इसी साल जेडीयू ने महागठबंधन का साथ छोड़कर बीजेपी के साथ समझौता कर लिया और जेडीयू बीजेपी गठबंधन की सरकार बिहार में बना ली।












Click it and Unblock the Notifications