Gujarat Verdict: चुनाव नतीजों के बाद कितने सही रहे एग्जिट पोल?
नई दिल्ली। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में बीजेपी ने शानदार जीत दर्ज की है। अब तक के वोटों की गिनती के बाद जो आंकड़े सामने आए हैं उसमें बीजेपी ने दोनों ही राज्यों में सरकार बनाने जा रही है। हिमाचल प्रदेश में बीजेपी की जीत तो पहले से तय मानी जा रही थी हालांकि पूरे देश की निगाहें गुजरात चुनाव में टिकी हुई थीं। जहां राहुल गांधी ने जमकर मेहनत की थी, बावजूद इसके प्रधानमंत्री मोदी का जादू गुजरात की जनता पर सिर चढ़कर बोला।

गुजरात में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। हालांकि गुजरात को लेकर चुनाव के नतीजों ने एक बार फिर से एग्जिट पोल पर सवाल खड़े किए हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि गुजरात में जिस तरह से कांग्रेस ने बीजेपी से मुकाबला किया है, वो बेहद चौंकाने वाला है। सभी एग्जिट पोल में बीजेपी को बड़ी जीत का अनुमान जताया गया था, हालांकि चुनाव के नतीजे एग्जिट पोल के अनुमान से जुदा हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि बीजेपी की ताजा स्थिति पर गौर करें तो प्रदेश की कुल 182 सीटों में से बीजेपी के खाते में 105 सीटें जाती दिख रही हैं, वहीं कांग्रेस ने 72 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है।

गुजरात में EXIT POLL ने जताए थे ये अनुमान
गुजरात चुनाव के ताजा आंकड़े सामने आने के बाद एग्जिट पोल पर सवाल उठना इसलिए लाजमी है क्योंकि गुजरात को लेकर सभी एग्जिट पोल में बीजेपी को 115 से 135 सीटों का अनुमान जताया गया था। न्यूज 24-चाणक्य के एग्जिट पोल में बीजेपी को 135 सीटें और कांग्रेस को 47 सीटों का अनुमान जताया गया था। एबीपी न्यूज-सीएसडीएस के सर्वे में बीजेपी को 117 और कांग्रेस को 64 सीटें जाने का अनुमान जताया था। रिपब्लिक टीवी-सी वोटर ने बीजेपी 108 और कांग्रेस को 74 सीटें, टाइम्स नॉउ और वीएमआर ने 109 बीजेपी, कांग्रेस 70 सीटों की संभावना जताई थी। फिलहाल नतीजे बिल्कुल अलग हैं। नतीजों में बीजेपी 105 और कांग्रेस 73 सीटें जाती नजर आ रही हैं। ताजा नतीजों के बाद बड़ा सवाल यही है कि एग्जिट पोल के अनुमान कितने सही रहे हैं। ये कोई पहली बार नहीं है जब एग्जिट पोल के नतीजे और चुनाव के असल नतीजों में अंतर नजर आया था। पिछले कुछ चुनावों के एग्जिट पोल और फिर वास्तविक नतीजों पर एक नजर...

यूपी में एग्जिट पोल से कितने अलग थे एग्जिट पोल के नतीजे
गुजरात और हिमाचल चुनाव से ठीक पहले यूपी समेत पांच राज्यों के चुनाव हुए थे। इन चुनावों में सबसे अहम राज्य उत्तर प्रदेश ही था, जहां विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद आए एग्जिट पोल में लगभग सभी ने बीजेपी को बड़ी जीत की संभावना जताई थीं। हालांकि फाइनल नतीजे सामने आने पर यूपी के सभी एग्जिट पोल के आंकड़ों में काफी अंतर नजर आया। हालांकि बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी लेकिन जनता का फैसला एकतरफा सा रहा। बीजेपी ने यूपी में सबसे ज्यादा 325 सीटें हासिल की। किसी भी एग्जिट पोल में बीजेपी की इतनी बड़ी जीत की उम्मीद नहीं जताई थी। वहीं सबसे ज्यादा चौंकाने वाला रहा बीएसपी का आंकड़ा। बीएसपी के खाते में महज 19 सीटें आई। वही यूपी में सत्ता संभालने वाली समाजवादी पार्टी ने यूपी चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ। सपा-कांग्रेस गठबंधन को 54 सीटें आईं। इसमें सपा के खाते में महज 47 और कांग्रेस के खाते में 7 सीटें आईं।

उत्तराखंड में क्या रहा था हाल
अब बात 2017 में हुए उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की, जिसमें चुनाव के ठीक बाद आए सभी बड़े एग्जिट पोल में बीजेपी की जीत के साथ प्रदेश में सरकार बनाने का दावा किया गया। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव का फाइनल नतीजा जब सामने आया तो बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की। किसी भी एग्जिट पोल में बीजेपी ने इतनी सीटें नहीं दी थी उससे कहीं ज्यादा सीटें आईं। इस चुनाव में बीजेपी को 57 सीटें आईं वहीं कांग्रेस के खाते में महज 11 सीटें ही आई। कुल मिलाकर एग्जिट पोल के आंकड़ों से ये तो साफ रहा कि बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी लेकिन 57 सीटें जीतना वाकई में चौंकाने वाला रहा।

पंजाब में एग्जिट पोल रहे थे फेल
पंजाब विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में भी जो आंकड़े आए और फाइनल नतीजों में काफी अंतर देखने को मिला। इस चुनाव के एग्जिट पोल में एक बात साफ नजर आई की बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल-बीजेपी गठबंधन का प्रदर्शन प्रभावित होगा। उनकी करारी हार होगी। नतीजों में वो नजर आया हालांकि जिस तरह से आम आदमी पार्टी को लेकर एग्जिट पोल्स में संभावनाएं जताई गई थी वैसा नहीं रहा। कांग्रेस सबसे बड़ा दल बनकर आई और प्रदेश में सरकार भी उसी ने बनाया। पंजाब के फाइनल नतीजों की बात करें तो कांग्रेस के खाते में 77 सीटें आई, आम आदमी पार्टी को महज 20 सीटें आई और बीजेपी-शिरोमणि अकाली दल गठबंधन को महज 15 सीटों पर संतोष करना पड़ा।

गोवा में क्या रहे थे हालात
गोवा विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में बीजेपी को सबसे बड़े दल के तौर पर दिखाया गया। हालांकि कांग्रेस भी कांटे टक्कर देती नजर आई। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी के लिए संभावनाएं जताई गई। हालांकि जब फाइनल नतीजे आए तो वो चौंकाने वाले रहे। गोवा में सबसे ज्यादा सीटों के साथ कांग्रेस बड़ी पार्टी बनीं। कांग्रेस के खाते में 17 सीटें गईं, वहीं बीजेपी को 13 सीटें आईं। आम आदमी पार्टी का खाता नहीं खुला। एमजीपी और अन्य के खाते में 3-3 सीटें आईं। आखिर में बीजेपी ने सबसे पहले बहुमत का आंकड़ा दूसरे दलों के साथ गठबंधन करके पूरा कर लिया और गोवा में सरकार बनाई।

बिहार चुनाव में बुरी तरह फ्लॉप रहा था एग्जिट पोल
एग्जिट पोल के आंकड़े 2015 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में भी सटीक साबित नही हुए थे। उस समय सामने आए एग्जिट पोल में बीजेपी और जेडीयू-आरजेडी-कांग्रेस महागठबंधन के बीच कांटे की टक्कर की बात कही गई थी। हालांकि ये भी कहा जा रहा था कि बीजेपी और महागठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला होगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जब नतीजे आए तो उसने एग्जिट पोल के आंकड़ों को बिल्कुल उलट दिया। जेडीयू और आरजेडी ने सबसे ज्यादा सीटें हासिल की। फाइनल नतीजों पर गौर करें तो सत्ताधारी जेडीयू को 71 सीटें आईं, सबसे बड़ी पार्टी आरजेडी बनीं, जिसने 80 सीटें हासिल की। फिर कांग्रेस पार्टी रही जिसने 27 सीटें हासिल की। वहीं बीजेपी को महज 58 सीटें ही आईं। इस तरह से बिहार में महागठबंधन की सरकार बनीं, लेकिन इसी साल जेडीयू ने महागठबंधन का साथ छोड़कर बीजेपी के साथ समझौता कर लिया और जेडीयू बीजेपी गठबंधन की सरकार बिहार में बना ली।












Click it and Unblock the Notifications