सूरत रैली में पीएम नरेंद्र मोदी का पलटवार, गुजरात का अपमान है मणिशंकर का बयान
पीएम मोदी ने इशारों में कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि गुजरात में ओखी तूफान के आने का हल्ला था, लेकिन नहीं आया। उन्होंने कहा कि पूरे देश के लिए गुजरात एक पैमाना है।
सूरत। गुजरात में पहले चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के सूरत में आयोजित अपनी चुनावी रैली में कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उनका बयान गुजरात का अपमान है। पीएम मोदी ने कहा कि ऊंच-नीच हमारे संस्कार में नहीं है। मणिशंकर अय्यर के अंदर मुगल संस्कार हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भले ही मैं नीची जाति से हूं, लेकिन मैंने हमेशा ऊंचे काम किए। पीएम ने कहा कि गुजरात के बेटे के लिए कांग्रेस ने ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता वोट से कांग्रेस और मणिशंकर अय्यर को जवाब देगी। गौरतलब है कि कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी करते हुए उन्हें नीच किस्म का आदमी कहा था।

पीएम ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने इशारों में कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि गुजरात में ओखी तूफान के आने का हल्ला था, लेकिन नहीं आया। उन्होंने कहा कि पूरे देश के लिए गुजरात एक पैमाना है। पूरे देश में सूरत की चमक है। आपको बता दें कि गुजरात में पहले चरण के मतदान में 9 दिसंबर को 89 सीटों पर वोटिंग होगी। सूरत में भी पहले चरण में ही मतदान है।
'हवाई चप्पल पहनने वाले भी हवाई जहाज में घूम सकते हैं'
पीएम मोदी ने गुजरात सरकार की विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सूरत में पहले बिजली नहीं आती थी। भाजपा सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि यहां के लोगों को पर्याप्त बिजली मिले। मोदी ने कहा कि गुजरात की भाजपा सरकार ने पहले बार एविएशन पॉलिसी बनाई। हम हवाई चप्पल पहनने वाले भी हवाई जहाज में सफर कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गुजरात को विश्व स्तर का रेलवे स्टेशन दिया। पीएम मोदी ने कहा कि हमारा मकसद बड़े नहीं, बल्कि छोटे-छोटे एयरपोर्ट बनाना है।
वंशवाद को लेकर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में जमकर भाई-भतीजावाद हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार स्किल, स्केल और स्पीड के आधार पर काम कर रही है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस समय हताश और निराश हो चुकी है। कई राज्यों से कांग्रेस का सफाया हो चुका है। हमने मध्य प्रदेश, गोवा, उत्तराखंड, असम, मणिपुर राजस्थान, बिहार को कांग्रेसमुक्त कर दिया। उन्होंने कहा कि अब तो यूपी के अमेठी से भी कांग्रेस का सफाया होता जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications