गुजरात विधानसभा चुनाव 2017: भाजपा नहीं कर सकेगी 'पप्पू' शब्द का इस्तेमाल, चुनाव आयोग ने लगाई रोक
नई दिल्ली। राहुल गांधी को भाजपा लगातर पप्पू कहती रहती थी, लेकिन अब नहीं कह सकेगी। भारतीय निर्वाचन आयोग ने भाजपा पर गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए किए जाने वाले किसी भी इलेक्ट्रॉनिक विज्ञापन में 'पप्पू' शब्द का इस्तेमाल करने पर रोक लगा दी है। भाजपा पप्पू शब्द का इस्तेमाल करके राहुल गांधी का मजाक बनाती थी। चुनाव आयोग ने इसे गंभीरता से लेते हुए यह आदेश दिया है ताकि किसी व्यक्ति विशेष पर निशाना न साधा जा सके। भाजपा के सूत्रों से यह बात पता चली है कि चुनाव प्रचार के लिए तैयार किए जा रहे किसी भी विज्ञापन में किसी खास व्यक्ति को निशाना बनाने वाले किसी भी शब्द का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है।

दरअसल, भाजपा ने पिछले महीने कुछ विज्ञापनों की स्क्रिप्ट निर्वाचन आयोग की मीडिया कमेटी को दिखाई थी। कमेटी ने स्क्रिप्ट में इस्तेमाल किए गए कुछ शब्दों पर कड़ी आपत्ति जताई थी। स्क्रिप्ट में राहुल गांधी पर निशाना साधने के लिए इस्तेमाल किए गए 'पप्पू' शब्द पर भी कमेटी ने आपत्ति जताई थी और उसे हटाने के लिए कहा था। भाजपा के एक वरिष्ट नेता ने कहा है कि मीडिया कमेटी ने 'पप्पू' शब्द का राहुल गांधी के लिए इस्तेमाल किया जाना अपमानजनक बताते हुए उसे हटाने का आदेश दिया था। आपको बता दें कि किसी भी विज्ञापन की स्क्रिप्ट को विज्ञापन बनाने से पहले निर्वाचन आयोग की मीडिया कमेटी को दिखाना होता है और उसकी मंजरी ली जाती है।
उन्होंने बताया कि पार्टी चुनाव प्रचार करने के लिए अब पप्पू शब्द की जगह किसी और शब्द का इस्तेमाल करेगी और नई स्क्रिप्ट को मंजूरी पाने के लिए निर्वाचन आयोग की मीडिया कमेटी के पास भेजेगी। उनके अनुसार पप्पू शब्द का इस्तेमाल सीधे-सीधे नहीं किया गया था, इसलिए इस पर पुर्नविचार करने का अनुरोध भी किया था, लेकिन आयोग ने मना कर दिया। यही कारण है कि अब इस शब्द की जगह कोई दूसरा शब्द इस्तेमाल किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications