गुजरात चुनाव: BJP ने जारी किया विजन डॉक्यूमेंट, अरुण जेटली ने कहा- संकल्प पत्र में विकास एजेंडा है
नई दिल्ली। गुजरात विधानसभा चुनाव में पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार खत्म हो गया है, यहां पहले चरण में 9 दिसंबर को वोटिंग होनी है। इस बीच बीजेपी की ओर से पार्टी का विजन डॉक्यूमेंट जारी कर दिया गया है। अरुण जेटली ने बीजेपी का विजन डॉक्यूमेंट जारी किया। अरुण जेटली ने विजन डॉक्यूमेंट जारी करते हुए कहा कि इस संकल्प पत्र में विकास एजेंडा है। अरुण जेटली ने कहा कि 5 साल में गुजरात की विकास दर 10 फीसदी रही है। उन्होंने बताया कि आखिर बीजेपी का गुजरात को लेकर उनका प्लान क्या है।

विजन डॉक्यूमेंट जारी करते हुए अरुण जेटली ने कहा कि आचार संहिता को ध्यान में रखकर संकल्प पत्र बनाया गया है। सबको एक रखना हमारा उद्देश्य है। हम हर क्षेत्र में विकास करेंगे। इस दौरान अरुण जेटली ने कांग्रेस के घोषणा पत्र का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गुजरात में सामाजिक ध्रुवीकरण करना, राज्य का नुकसान करने वाला रास्ता है। अगर इस रास्ते पर कांग्रेस चलती है तो प्रदेश का और नुकसान करेगी जैसा 1980 के दशक में किया था। कांग्रेस ने जो दो ऐसे वायदे किए हैं जो संवैधानिक दृष्टि से असंभव हैं। इनमें सबसे अहम 50 फीसदी से ज्यादा आरक्षण का वादा है। वहीं उनकी ओर से कुछ वादे ऐसे भी हैं जो आर्थिक दृष्टि से असंभव हैं। बीजेपी के विजन डॉक्यूमेंट में दूसरी खास बातें इस प्रकार हैं...
- 1000 करोड़ रुपए की युवा स्वावलंबी योजना
- न्यू इंडिया के आधार पर न्यू गुजरात बनाएंगे
- राज्य में कृषि विकास के लिए सिंचाई नीति लागू की जाएगी
- कौशल विकास के जरिए स्टॉर्ट अप को बढ़ावा देंगे
- महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देंगे, महिलाओं को उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में मदद करेंगे
- राज्य में श्रेष्ठ शिक्षा देने का काम करेगी बीजेपी
- केंद्र सरकार की तरह सस्ती दवाईयों के स्टोर खोलेंगे, मोहल्ला क्लिनिक को बढ़ावा देंगे

बीजेपी का विजन डॉक्यूमेंट जारी
गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी की रणनीति बिल्कुल साफ है। वो प्रदेश में सत्ता की वापसी की हरसंभव कवायद में जुटी हुई है। यही वजह है कि पार्टी की ओर से खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई रैलियां कर रहे हैं। साथ ही साथ बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह समेत पार्टी के कई बड़े नेता और दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्री भी बीजेपी के लिए रैलियां कर रहे हैं। इस बीच बीजेपी की ओर से विजन डॉक्यूमेंट भी जारी किया गया है।

विपक्ष ने साधा था निशाना
इससे पहले बीजेपी की ओर से गुजरात चुनाव को लेकर पार्टी का घोषणा पत्र जारी नहीं किए जाने पर कांग्रेस की ओर से सवाल खड़े किए गए थे। राहुल गांधी ने पूरे मामले पर बीजेपी को घेरा था। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इसे गुजरात की जनता का अपमान बताया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि बीजेपी ने गुजरात के लोगों के प्रति अविश्वसनीय अनादर को दर्शाया है। प्रचार अभियान खत्म हो गया लेकिन अभी तक गुजरात के लोगों के लिए घोषणापत्र का उल्लेख नहीं है। गुजरात के भविष्य के प्रति कोई विजन या विचार सामने नहीं रखा गया है। वहीं हार्दिक पटेल ने बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि बीजेपी सीडी बनाने में व्यस्त रही इसलिए घोषणा पत्र जारी नहीं कर सकी।

गुजरात में कल पहले चरण का मतदान
चुनाव में आमतौर पार्टियां अपना मेनिफेस्टो यानी घोषणा पत्र या फिर विजन डॉक्यूमेंट जारी करती है। इसमें उन वादों को ऐलान किया जाता है जिन्हें सरकार बनने के बाद वह अगले पांच सालों में पूरा करेगी। कांग्रेस ने अपना घोषणा-पत्र एक हफ्ते पहले पहले ही सबके सामने जारी किया था। हालांकि भारतीय जनता पार्टी ने पहले चरण की वोटिंग से ठीक एक दिन पहले अपना विजन डॉक्यूमेंट जारी किया।












Click it and Unblock the Notifications