सरकार ने दिया जायडस कैडिला की कोरोना वैक्सीन की 1 करोड़ डोज खरीद का ऑर्डर, जानिए कितने में मिलेगी
भारत में चल रहे टीकाकरण अभियान को और रफ्तार देने के लिए केंद्र सरकार ने सोमवार को जायडस कैडिला की कोरोना वैक्सीन (ZyCoV-D ) की एक करोड़ डोज खरीद का ऑर्डर दिया है।
नई दिल्ली, 8 नवंबर। भारत में चल रहे टीकाकरण अभियान को और रफ्तार देने के लिए केंद्र सरकार ने सोमवार को जायडस कैडिला की कोरोना वैक्सीन (ZyCoV-D ) की एक करोड़ डोज खरीद का ऑर्डर दिया है। अहमदाबाद स्थित कंपनी ने अपने एक बयान में इस बात दी जानकारी दी। दुनिया की पहली प्लाज्मिड डीएनए वैक्सीन को सरकार कंपनी से 265 रुपए में खरीदेगी। यह वैक्सीन प्रति डोज 265 रुपए के हिसाब से दी जाएगी और नीडल फ्री एप्लीकेटर 93 रुपए प्रति खुराक की दर से दिया जाएगा, जिसमें जीएसटी शामिल नहीं होगा। कंपनी ने कहा कि केंद्र सरकार के परामर्श के बाद वैक्सीन की कीमत तय की गई है।
Recommended Video

तीन शॉट्स के लिए सरकार खर्च करेगी 1,128 रुपए
जाइडस कैडिला के डीएनए वैक्सीन के तीन शॉट्स के लिए सरकार द्वारा कुल 1,128 रुपये खर्च किए जाएंगे जिसमें वैक्सीन के लिए 265 रुपये, एप्लीकेटर के लिए 93 रुपये और 5 फीसदी की दर से 18 रुपये जीएसटी। बता दें कि पिछले महीने अहमदाबाद स्थित कंपनी ने सरकार से लगातार बातचीत के बाद वैक्सीन की कीमत 265 रुपए प्रति खुराक तय करने पर सहमति व्यक्त की थी। यानि कंपनी ने सरकार के कहने पर प्रति खुराक 358 रुपए तक कम किए हैं, जिसमें डिस्पोजेबल जेट एप्लीकेटर की 93 रुपए की लागत भी शामिल है।
दोनों हाथों में लगाई जाती है इसकी डोज
इस तीन डोज वाली वैक्सीन को 28 दिनों के अंतराल पर लगाया जाएगा और यह वैक्सीन एक के बाद एक दोनों हाथों में लगाई जाएगी। सूई मुक्त ZyCov-D वैक्सीन को लगाने के लिए एक डिस्पोजेबल दर्द रहित जेट एप्लीकेटर की जरूरत होती है, जिसकी कीमत 93 रुपए है। कंपनी ने पहले तीन डोज वाली इस वैक्सीन की कीमत 1900 रुपए रखने का प्रस्ताव दिया था। बता दें कि भारत में टीकाकरण अभियान पूरी रफ्तार से चल रहा है। देश में अब तक 109 करोड़ से ज्यादा डोज दी जा चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications