खुशखबरी: देश के इन 2 राज्यों में सरकारी कर्मचारियों का DA बढ़ा, अब बढ़कर आएगी सैलरी
नई दिल्ली। ईद से पहले इन 2 भारतीय राज्यों की सरकारों ने अपने कर्मचारियों को खुशखबरी दे दी है। दरअसल, छत्तीसगढ़ और गुजरात सरकार ने अपने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) बढ़ा दिया है। इससे अब इन सरकारी कर्मचारियों की तनख्वाह बढ़कर आएगी। बता दें कि, डीए में छत्तीसगढ़ में 5% और गुजरात में 3% इजाफा किया गया है।

हरियाणा सरकार भी बढ़ा चुकी डीए
गुजरात और छत्तीसगढ़ के अलावा हरियाणा की सरकार भी डीए (महंगाई भत्ता) की वृद्धि का फैसला ले चुकी है। खट्टर सरकार 7वें पे-कमीशन के तहत वेतन लेने वाले कर्मचारियों के डीए में 3% की बढ़ोतरी कर चुकी है। खट्टर सरकार की ओर से यह भी बताया गया है कि, राज्य में गरीबों को मुफ्त चिकित्सा सेवा प्रदान करने के लिए 'आयुष्मान भारत योजना' के तहत 28 लाख से अधिक व्यक्तियों के गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। सरकार के मुताबिक, अब गरीब परिवार 631 सूचीबद्ध अस्पतालों में अपना इलाज करवा सकते हैं। इसके लिए 434 करोड़ रुपए की व्यवस्था कराई गई हैं। सरकारी अस्पतालों में गरीबों को जांच और दवाइयां मुफ्त दी जा रही हैं। वहीं, गरीब परिवारों के विद्यार्थियों के लिए 12वीं कक्षा तक मुफ्त पुस्तकें, यूनिफॉर्म तथा लेखन सामग्री देने का प्रावधान भी किया गया है। सरकार विभिन्न प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं के लिए तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग भी दिला रही है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि, हमारे सूबे में सिर्फ सरकारी कर्मचारियों का ही ख्याल नहीं रखा जा रहा, बल्कि हर तबके के लिए फैसले लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, राज्य सरकार केंद्र के साथ ताल-मेल बिठाकर काम कर रही है। यहां 'प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना' के तहत गरीबों को सितंबर, 2022 तक हर महीने मुफ्त अनाज दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, जिन बेघर लोगों की आय 1.80 लाख रुपये प्रति वर्ष से कम है, उनका सर्वेक्षण शुरू किया जा रहा है। उन्हें आर्थिक मदद दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications