पत्नी ने दोस्तों संग मिलकर की पति की हत्या, बोटी-बोटी कर शव को लगाया ऐसे ठिकाने
पणजी। गोवा में पुलिस ने एक महिला और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है। आप जानकर सन्न रह जाएंगे कि इस महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की और फिर लाश के टुकड़े-टुकड़े कर उसे ठिकाने लगाने के लिए जंगली इलाकों में फेंकवा दिया। महिला का पति मजदूरी करता था। घरेलू विवाद के बाद महिला ने पति की हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है कि कहीं इस अपराध में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।

जानकारी के मुताबिक महिला की पहचान कल्पना बासु (31) के रूप में हुई है। कल्पना ने करीब एक महीना पहले अपने पति वासुराज बासु (38) की हत्या कर दी थी। पुलिस ने बताया कि घटना तब प्रकाश में आई जब आरोपी व्यक्तियों में से एक की पत्नी ने अपने पति के अजीबोगरीब व्यवहार को देखकर पुलिस को इसकी सूचना दी। संदेह के आधार पर पुलिस ने व्यक्ति से पूछताछ की जिसके बाद इस अपराध की परत दर परत खुलती गयी। देसाई ने बताया कि मामले में मृतक की पत्नी एवं तीन अन्य व्यक्तियों- सुरेश कुमार, अब्दुल करीम शेख और पंकज पवार को गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ के दौरान तीनों ने अपना जुर्म कबूल लिया। आरोपी महिला एक गृहणी है। महिला एवं उसका पति अपने दो छोटे बच्चों के साथ यहां से करीब 80 किलोमीटर दूर दक्षिण गोवा जिले के कुरचोरेम गांव में रहते थे। देसाई ने बताया कि एक महीना पहले महिला का अपने पति के साथ विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने घर पर अपने पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद उसने अपने पति के तीन दोस्तों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद उन तीनों ने शव को ठिकाने लगाने में उसकी मदद की। अधिकारी ने बताया कि चारों आरोपियों ने शव को टुकड़ों में काटा और एक बड़े बैग में डालकर उसे गोवा-कर्नाटक सीमा के निकट एक जंगल में किसी सुनसान जगह पर ठिकाने लगा दिया।












Click it and Unblock the Notifications