'रिटायर हो जाइए वर्ना गड़बड़ हो जाएगी', चुनाव लड़ने के ऐलान पर गोवा के मंत्री ने पिता को दी चेतावनी
पणजी, 21 दिसंबर: गोवा में भी अगले साल की शुरुआत में विधानसभा के चुनाव होंगे, जिस वजह से वहां पर भी राजनीतिक घमासान जारी है। हाल ही में कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रतापसिंह राणे ने आगामी चुनाव लड़ने का ऐलान किया था, जिस पर उनके बेटे और बीजेपी नेता विश्वजीत राणे नाराज हो गए। साथ ही अपने पिता को उन्होंने राजनीति छोड़ने की सलाह दी। उन्होंने साफतौर पर कहा कि अगर वो नहीं माने तो बहुत गड़बड़ हो जाएगी और वो उनके खिलाफ चुनावी मैदान में उतरेंगे।

गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने मंगलवार को कहा कि 83 साल की उम्र में उन्हें राजनीति में क्यों बने रहना है? 6 कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री बनने के बाद किसी को शान से सेवानिवृत्त होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि एक व्यक्ति जो मेरा आदर्श है, जिसके लिए मेरे मन में बहुत सम्मान है, उस व्यक्ति को शान के साथ रिटायर हो जाना चाहिए। कभी भी किसी को युद्ध के मैदान से रिटायर नहीं होना चाहिए, ये बहुत ही गड़बड़ बात है।
उनके इस बयान के बाद गोवा के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया था। हालांकि बाद में उन्होंने ट्वीट कर डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश की। उन्होंने लिखा कि श्री प्रतापसिंह राणे मेरे पिता हैं। हम इस मुद्दे को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझा लेंगे। हालांकि मैंने पोरीम निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने का फैसला किया है, लेकिन हम इसे परिवार के भीतर आंतरिक रूप से सुलझा लेंगे।
ऐसा रहा प्रतापसिंह का करियर
प्रताप राणे गोवा कांग्रेस का प्रमुख चेहरा हैं। साथ ही वो सबसे लंबे समय तक विधायक रहे। उन्होंने 1972 के बाद से 10 विधानसभा चुनाव जीते हैं। इसके अलावा प्रतापसिंह ने 1980 और 2007 के बीच छह कार्यकालों में 16 साल से भी कम समय तक राज्य का मुख्यमंत्री रहकर भी इतिहास बनाया। हाल ही में उन्होंने कहा था कि मेरे कार्यकर्ता चाहते हैं कि मैं चुनाव लड़ूं। इस पर मैंने आगामी चुनाव में उतरने का फैसला किया। पार्टी हाईकमान ही अब तय करेगा कि मुझे क्या करना है।












Click it and Unblock the Notifications