डेढ़ साल की बच्ची 40 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिरी, बचाव जारी
पिता के साथ खेत में गई बच्ची खेलते-खेलते बोरवेल में जा गिरी। 40 फीट गहरे बोरवेल से बच्ची को निकालने की कोशिशें जारी हैं।
हैदराबाद। गुरुवार की शाम को तेलंगाना के विकाराबाद इलाके में 40 फीट गहरे एक खुले बोरवेल में डेढ़ साल की बच्ची गिर गई। शाम में लगभग 7.30 बजे से बच्ची को बचाने के लिए गांव में ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

इस बारे में एसीपी स्रुता कीर्थी ने बताया, 'एक बच्ची दुर्घटनावश खेती के लिए किए गए एक बोरवेल में गिर गई। उस समय पिता उसके पास थे।' अधिकारी के मुताबिक, बोरवेल की गहराई 40 फीट बताई जा रही है।

जैसे ही पुलिस को बच्ची के बोरवेल में गिरने की सूचना मिली, वह मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत जमीन खोदने के लिए मशीन लाई गई है।

रात होने की वजह से अंधेरा है और रोशनी का इंतजाम कर बच्ची को बोरवेल से बाहर निकालने की कोशिशें जारी हैं। इस घटना की जानकारी मिलने पर तेलंगाना के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर पी महेंदर रेड्डी भी मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया।












Click it and Unblock the Notifications