गौतम अडानी ने पलटी बाजी, अंबानी को पछाड़ बने एशिया के नंबर 1
एशिया के सबसे अमीर शख्स की कुर्सी को लेकर एक बार फिर बड़ा उलटफेर हुआ है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स (Bloomberg Billionaires Index) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के सीएमडी मुकेश अंबानी को पछाड़ दिया है। रैंकिंग में हुआ यह बदलाव दिखाता है कि शेयर बाजार की हलचल कैसे पल भर में अरबपतियों की किस्मत बदल देती है।

गौतम अडानी की नेटवर्थ: इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर एनर्जी सेक्टर तक फैले अडानी ग्रुप के मुखिया गौतम अडानी अब 92.6 अरब डॉलर (करीब 7,68,580 करोड़ रुपये) की संपत्ति के मालिक हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, वह अब एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं, जबकि दुनिया के अमीरों की लिस्ट में वह 19वें पायदान पर हैं। यह इंडेक्स बाजार के उतार-चढ़ाव के आधार पर दुनिया के रईसों की संपत्ति का रियल-टाइम डेटा ट्रैक करता है।
मुकेश अंबानी की नेटवर्थ: देश की सबसे बड़ी प्राइवेट सेक्टर कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी इस लिस्ट में अब अडानी से थोड़ा पीछे रह गए हैं। टेलीकॉम, रिटेल और एनर्जी जैसे सेक्टर में दबदबा रखने वाले अंबानी की नेटवर्थ 90.8 अरब डॉलर (करीब 7,53,640 करोड़ रुपये) आंकी गई है। वह ग्लोबल रैंकिंग में 20वें स्थान पर हैं। दोनों दिग्गजों के बीच संपत्ति का यह मामूली अंतर बताता है कि शेयर बाजार में जरा सी हलचल भी रैंकिंग को ऊपर-नीचे कर सकती है।
अडानी की इस छलांग की बड़ी वजह उनके ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में आई तेजी है, जिससे उनकी संपत्ति में इस साल करीब 8.1 अरब डॉलर (लगभग 67,230 करोड़ रुपये) का इजाफा हुआ। दूसरी ओर, रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सुस्ती के चलते मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में इस साल करीब 16.9 अरब डॉलर (लगभग 1,40,270 करोड़ रुपये) की गिरावट दर्ज की गई है।
हालिया कारोबारी सत्र की बात करें तो शेयर बाजार के बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स में 123 अंकों की गिरावट के बावजूद अडानी ग्रुप के कई शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। इससे महज एक दिन में अडानी की संपत्ति करीब 3.56 अरब डॉलर (लगभग 29,550 करोड़ रुपये) बढ़ गई। वहीं, इसी दौरान रिलायंस के शेयरों में कोई खास हलचल नहीं दिखी और अंबानी की संपत्ति में सिर्फ 7.67 करोड़ डॉलर (करीब 636 करोड़ रुपये) की मामूली बढ़ोतरी हुई।
अमीरों की लिस्ट में यह फेरबदल ऐसे समय में हुआ है जब दुनिया भर के अरबपतियों की संपत्ति में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। बाजार की अस्थिरता और अलग-अलग सेक्टर की चुनौतियों की वजह से इस साल कई बड़े बिजनेस लीडर्स की नेटवर्थ में कमी आई है।
संपत्ति गंवाने वालों में लग्जरी ब्रांड LVMH के मालिक बर्नार्ड अर्नाल्ट सबसे आगे हैं, जिनकी नेटवर्थ 2026 में अब तक करीब 44 अरब डॉलर घट चुकी है। इनके अलावा माइक्रोसॉफ्ट के पूर्व सीईओ स्टीव बाल्मर, ओरेकल के को-फाउंडर लैरी एलिसन, बिल गेट्स, वॉरेन बफेट और ज़ारा (Zara) के फाउंडर अमान्सियो ओर्टेगा जैसे दिग्गजों की संपत्ति में भी इस साल गिरावट देखी गई है।












Click it and Unblock the Notifications