'सावधान इंडिया' से निकाले गए एक्टर सुशांत सिंह अब सदगुरु जग्गी वासुदेव पर भड़के
नई दिल्ली। सावधान इंडिया शो में काम कर चुके अभिनेता सुशांत सिंह अपने बयान को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार वह ईशा फाउंडेशन के अध्यक्ष और आध्यात्मिक गुरु सदगुरु जग्गी वासुदेव पर भड़के हैं। सुशांत ने जग्गी वासुदेव को लेकर सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने एक ट्वीट में उनके योग कार्यक्रम की निंदा करते हुए उसे अपने जीवन का सबसे बुरा अनुभव बताया।

सुशांत ने वीडियो पर आपत्ति जाहिर की
दरअसल हुआ ये कि सदगुरु ने अपने योग कार्यक्रम का प्रचार करने के लिए एक ट्वीट किया था। जिसमें उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया। इस वीडियो में सुशांत भी नजर आ रहे हैं। सुशांत ने इसी वीडियो पर आपत्ति जाहिर करते हुए जग्गी वासुदेव पर निशाना साधा है। सुशांत ने कहा, 'सदगुरु क्या मैंने आपको अपनी तस्वीर इस्तेमाल करने की इजाजत दी? इसके बाद भी अगर आपने मेरी तस्वीर का इस्तेमाल किया है, तो उस फीडबैक का भी जिक्र करते जो मैंने और मेरी पत्नी ने आपके योग कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दिया था।'
'हमारे जीवन का सबसे बुरा अनुभव'
सुशांत ने आगे लिखा, 'ये हमारे जीवन का सबसे बुरा अनुभव था। आपने दो दिन में 6 तरह के कपड़े बदले थे, वो जरूर मजेदार था।' हालांकि सुशांत के बयान पर अब तक जग्गी वासुदेव की ओर से कई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इससे पहले सुशांत नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और जेएनयू हिंसा के विरोध के चलते सुर्खियों में आए थे। वह जेएनयू हिंसा के खिलाफ मुंबई में हुए प्रदर्शनों में शामिल भी हुए थे।

सावधान इंडिया से निकाले गए थे सुशांत
सुशांत को लेकर ये खबर भी आई थी कि सीएए के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने की वजह से उन्हें सावधान इंडिया शो से निकाल दिया गया है। उन्होंने शो से निकलने की खबर खुद सोशल मीडिया पर शेयर की थी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा था, 'और सावधान इंडिया के साथ मेरा सफर खत्म हुआ।' बता दें सुशांत साल 2002 में राजकुमार संतोषी की फिल्म द लेजेंड ऑफ भगत सिंह में स्वतंत्रता सेनानी सुखदेव का किरदार निभा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications