उमर अब्दुल्ला ने PDP-BJP से पूछा, कश्मीर में बाढ़ के खतरे से निपटने के क्या उपाय किए थे?
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को राज्य में बाढ़ के खतरे के बीच पीडीपी और बीजेपी पर हमला बोला। उमर अब्दुल्ला ने महबूबा मुफ्ती की अगुआई वाली पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए बाढ़ से निपटने को लेकर तैयारियों पर सवाल उठाया। बता दें कि कश्मीर में पिछले 3 दिनों से हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है और इस वक्त झेलम खतरे के निशान ऊपर बह रही है।

उमर अब्दुल्ला ने पीडीपी और बीजेपी से पूछा है कि 2014 की भयावह स्थिति के बाद सरकार ने क्या किया? झेलम के खतरे को देखते हुए सरकार ने क्या कदम उठाया? बाढ़ के खतरे को देखते हुए उससे निपटने के लिए आवंटित राशि का क्या हुआ? उमर अब्दुल्ला का ये ट्वीट तब आया है जब लगातार बारिश के कारण सेंट्रल कश्मीर में बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। कश्मीर में बाढ़ को लेकर शुक्रवार को ही अलर्ट जारी कर दिया गया था।
वहीं, बाढ़ के खतरे को देखते हुए राज्यपाल एनएन वोहरा ने शनिवार को एक आपातकालीन बैठक भी बुलाई है। जबकि घाटी में पानी जमा हो जाने के कारण एक दिन के लिए स्कूलों को बंद करने का आदेश भी दे दिया गया था। अनंतनाग में भी पानी खतरे के निशान से ऊपर है। जबकि जलस्तर बढ़ने के कारण घाटी के लोगों को डर है कि 2014 जैसे हालात न हो जाएं और ये सोचकर ही उनका बुरा हाल है, उस वक्त करीब 300 लोगों की मौत हुई थी। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications