दाउद के भाई को जेल में वीआईपी ट्रीटमेंट देने के आरोप में पांच पुलिसकर्मी सस्पेंड
ठाणे। अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम के भाई इकबाल कासकर को जेल में विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने के आरोप में सब-इंस्पेक्टर समेत पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इन पांचों ने कथित तौर पर कासकर को जेल के कानूनों को ताक पर रखते हुए वीआईपी ट्रीटमेंट देते हुए बिरयानी, सिगरेट और दूसरी चीजें मुहैया कराईं। कासकर रंगदारी मांगने के मामले में ठाणे जेल में बंद है।

सस्पेंड किए गए पुलिसकर्मियों में सब इंस्पेक्टर रोहिदास पवार, कांस्टेबल पुंडलिक काकडे, विजय हालौर, कुमार पुजारी और सूरज मानवार शामिल हैं। ये पांचों ठाणे पुलिस के लोकल आर्म डिपार्टमेंट में तैनात हैं। गुरुवार को जेल से हॉस्पिटल ले जाए जाने के दौरान इकबाल कासकर का एक कार के अंदर बैठकर बिरयानी खाने का वीडियो सामने आया था।
वीडियो सामने आने के बाद ठाणे पुलिस कमिश्नर विवेक फंसलकर ने एक सब इंस्पेक्टर और चार कांस्टेबल को सस्पेंड करते हुए उनके खिलाफ जांच बैठा दी है। कमिश्नर विवेक फंसलकर ने कहा है कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
इकबाल पर जबरन उगाही, धमकी देने जैसे कई मामले चल रहे हैं। उसे पिछले साल गिरफ्तार किया गया था। रंगदारी मांगने के तीन मामले उस पर दर्ज हैं। इकबाल कासकर का आपराधिक इतिहास रहा है, इससे पहले 2015 में भी रंगदारी मांगने के आरोप में जेल जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications