फिल्म निर्माता आयशा सुल्ताना को राजद्रोह मामले में मिली अग्रिम जमानत
नई दिल्ली, 25 जून। फिल्म निर्माता आयशा सुल्ताना को केरल हाई कोर्ट ने अग्रिम जमानत दे दी है। आयशा सुल्ताना पर राजद्रोह का मामला दर्ज कराया गया था, जिसके बाद आयशा की ओर से अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया गया था। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने आयशा को अग्रिम जमानत दे दी है। दरअसल आयशा सुल्ताना ने एक टीवी डिबेट के दौरान लक्षद्वीप को लेकर एक बयान दिया था जिसमे उन्होंने कहा था कि सरकार यहां बायो वेपन यानि जैविक हथियार का इस्तेमाल कर रही है। आयशा के इसी बयान के खिलाफ उनके खिलाफ राजद्रोह का केस दर्ज कराया गया था।

बता दें कि एक टीवी डिबेट के दौरान आयशा सुल्ताना ने कहा था कि लक्षद्वीप में कोरोना का अभी तक एक भी मामला नहीं था, लेकिन यहां अब हर रोज 100 मामले आ रहे हैं। लिहाजा मैं साफ तौर पर कह सकती हूं कि केंद्र सरकार की ओर से यहां के प्रशासक प्रफल्ल पटेल को बायो वेपन की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। जिस तरह की उनकी नीतियों हैं उसकी वजह से यहां लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। आयशा के इस बयान के बाद उनकी आलोचना हो रही है। भाजपा ने इसकी कड़ी आलोचना करते हुए आयशा के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। हालांकि कई भाजपा के नेता ऐसे भी हैं जिन्होंने आयशा के खिलाफ राज द्रोह के केस के बाद पार्टीसे नाराजगी जाहिर करते हुए भाजपा छोड़ दी थी।
आयशा के बयान के बाद उनके खिलाफ भाजपा नेता अब्दुल खादर ने केस दर्ज कराया था। जिसके बाद आयशा से कावारत्ती पुलिस स्टेशन में तकरीबन तीन घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद आयशा को छोड़ दिया गया है। आयशा ने बताया कि मुझसे पुलिस ने कहा है कि मैं कोच्चि जा सकती हूं। पुलिस ने मेरे फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप अकाउंट की जांच की। वो लोग इस बात की जांच कर रहे थे कि क्या मेरे विदेश में किसी से संबंध हैं।












Click it and Unblock the Notifications