रिंग की असली 'सुल्तान': भारतीय बेटी ने कुश्ती में पुरुष प्रतिद्वंद्वी को दी मात
बरेली। फिल्म 'सुल्तान' में अनुष्का शर्मा को महिला रेसलर के तौर पर दिखाया गया था। फिल्म में वह पुरुष पहलवानों को पटकनी देती हुई नजर आती हैं, लेकिन अब हम एक ऐसी लड़की के बारे में आपको बताने जा रहे हैं जिसने महज पांच मिनट में पुरुष पहलवान को पटकनी दे दी।

नेहा तोमर ने पुरुष पहलवान नवाब को दी पटकनी
इस महिला रेसलर का नाम नेहा तोमर है। 18 साल की रेसलर नेहा तोमर ने लखनऊ से आए पुरुष पहलवान नवाब को महज 5 मिनट में चित कर दिया। नेहा की इस जीत पर फैंस खासे उत्साहित नजर आए। उन्होंने नेहा के समर्थन में नारे लगाए और उनका हौंसला बढ़ाया।
टीओआई में छपी खबर के मुताबिक नेहा तोमर, देहरादून की रहने वाली हैं। उन्हें पुरुष पहलवानों को पटकनी देने में मजा आता है।
दो साल पहले भी उन्होंने एक चैंपियन को पटकनी दी थी जिसके बाद वो चर्चा में आ गई थीं। तभी से स्थानीय लोग नेहा को रिंग का असली 'सुल्तान' बुलाने लगे थे।
बरेली के जोगी नवादा में कुश्ती का आयोजन
बरेली के जोगी नवादा में सोमवार को कुश्ती का आयोजन किया गया था जिसमें महिला और पुरुष के बीच कुश्ती का मुकाबला था।
इसे चैंपियंस के बीच टक्कर के तौर पर भी जाना जाता है। 2014 में पहली बार नेहा ने उत्तराखंड के सोनू पहलवान को चित कर दिया था।
रेसलिंग प्रतियोगिता का आयोजन जोगी नवादा की श्रीरामलीला परिषद कमेटी करती है। परिषद के अध्यक्ष सुरेश राठौड़ ने बताया कि नेहा खुद आगे आई और पुरुष पहलवान से लड़ने का ऐलान किया।
उनके इस ऐलान पर चारों ओर सन्नाटा छा गया। कुछ देर बाद लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। नेहा की चुनौती को केवल पहलवान नवाब ने स्वीकार किया।
लखनऊ से आए पहलवान को नेहा ने हराया
सुरेश राठौड़ ने बताया कि हम 1972 से लगातार रेसलिंग का आयोजन कर रहे हैं। महिला रेसलिंग भी पिछले 12 साल से जारी है। ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी महिला पहलवान ने इस तरह से पुरुष पहलवानों को चुनौती दी हो।
इस चुनौती के गवाह चार हजार से ज्यादा लोग बने। नेहा की लंबाई पांच फीट थी जबकि नवाब उनसे 6 इंच और लंबे थे। इस चुनौती में दर्शकों ने नेहा के लिए चीयर किया।
रेसलर नवाब को पटकनी देने के बाद नेहा ने फिर से पुरुष और महिला रेसलर को चुनौती के लिए ललकारा। इस बार दिल्ली के हारून ने उनका चैलेंज स्वीकार किया।
नेहा का सपना है ओलंपिक में मेडल जीतना
नेहा देहरादून के धाकरानी की रहने वाली हैं और एक किसान की बेटी हैं। नेहा ने 11 साल की उम्र में पहलवानी शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया कि रेसलिंग उनका जीवन है।
मेरा पढ़ाई में मन नहीं लगा इसलिए हाईस्कूल की परीक्षा पास करने के बाद मैंने 2015 में पढ़ाई छोड़ दी। उन्होंने बताया कि साक्षी मलिक उनकी रोल मॉडल हैं। उनका सपना ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने का है। इसके लिए उन्होंने तैयारी शुरू करने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications