किसानों पर लाठीचार्ज की तस्वीरें शेयर कर बोले राहुल- ये अत्याचार ही मोदी सरकार की पहचान
किसानों की तस्वीरें शेयर कर बोले राहुल- अत्याचार ही मोदी सरकार की पहचान
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने एक बार फिर किसान आंदोलन (Farmers Protest) को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर काफी कड़े शब्दों में हमला बोला है। राहुल ने शनिवार शाम को ट्वीट करते हुए सिंघु बॉर्डर पर शुक्रवार को हुए लाठीचार्ज की तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में पुलिसकर्मी बलपूर्वक किसानों को काबू करते दिख रहे हैं। तीन तस्वीरों को शेयर करते हुए राहुल ने अपने ट्वीट में लिखा- मोदी सरकार का ट्रेडमार्क- अमानवीय अत्याचार!

Recommended Video
केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा को जोड़ने वाले सिंघु बॉर्डर पर धरना दे रहे किसानों के बीच शुक्रवार को करीब 50 से 60 लोग लाठी डंडे लेकर पहुंच गए थे। इन लोगों ने खुद को स्थानीय निवासी बताते हुए किसानों के साथ मारपीट करते हुए उन्हें सड़क खाली करने को धमकाया था। जिसके बाद किसानों और इन लोगों के बीच झड़प हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज करते हुए आंसू गैस के गोले दागे थे। राहुल गांधी ने जो तस्वीरें शेयर की हैं, उनको कथित तौर पर इसी दौरान का बताया गया है। किसानों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने बाहर से आकर पत्थरबाजी और बदतमीजी करने वाले लोगों को तो रोका नहीं उल्टा किसानों की ही बर्बरता से पिटाई की।

राहुल गांधी कृषि कानूनों और आंदोलन कर रहे किसानों के साथ सरकार के रवैये को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। शुक्रवार को भी राहुल ने प्रेस वार्ता कर कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसानों का समर्थन किया था और सरकार से इन कानूनों को वापस लेने की अपील की थी। राहुल ने कहा था कि अगर प्रधानमंत्री को लगता है कि वो आंदोलन को दबा सकते हैं तो वो गलत हैं। आंदोलन बातचीत से ही खत्म होगा नहीं तो ये अभी दूसरे प्रदेशों में भी फैलेगा। सरकार को किसानों से बात करनी चाहिए ना कि बलपूर्वक इसे दबाने की कोशिश करनी चाहिए।
ये भी पढ़ें- सरकार ने गाजीपुर, सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों का इंटरनेट किया बंद












Click it and Unblock the Notifications