कई महीने बाद सामने आए IPS परमबीर सिंह, बोले-चंडीगढ़ में हूं, जल्द मुंबई आऊंगा
नई दिल्ली, 243 नवंबर: मुंबई की एक अदालत द्वारा ' भगोड़ा ' घोषित किए जा चुके मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह कई महीनों बाद सामने आए हैं। पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने बुधवार को कहा कि वह चंडीगढ़ में हैं और जल्द ही मुंबई आएंगे। महाराष्ट्र में जबरन वसूली के कई मामलों का सामना कर रहे आईपीएस अधिकारी ने समाचार चैनलों को बताया कि वह चंडीगढ़ में हैं। मैं जांच में शामिल होऊंगा। मैं जल्द ही मुंबई आऊंगा।

पत्रकार ने जब परमबीर सिंह से पूछा कि क्या वह (पुलिस या अदालत के समक्ष) आत्मसमर्पण करेंगे तो उन्होंने कहा कि उन्होंने अगले कदम को लेकर अभी कोई निर्णय नहीं लिया है। परमबीर सिंह बुधवार शाम सोशल मीडिया ऐप 'टेलीग्राम' पर सामने आए, लेकिन बाद में उन्होंने अपना अकाउंट डिलीट कर दिया। मुंबई पुलिस आयुक्त के पद से स्थानांतरण और महाराष्ट्र के तत्कालीन गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद सिंह इस साल मई से काम पर नहीं आए हैं।
इससे पहले उनके वकील ने सुप्रीम कोर्ट में कहा है कि वह देश में ही हैं और जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं। सुप्रीम कोर्ट में उनके वकील ने बताया कि वह इसलिए छुपे हुए हैं, क्योंकि मुंबई पुलिस से उनकी जान को खतरा है। उन्होंने बताया कि वह 48 घंटे के भीतर सीबीआई या कोर्ट में पेश होने के लिए तैयार हैं। परमबीर सिंह के वकील की इस दलील पर सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें फटकार लगाई थी।
कोर्ट ने फिलहाल परमबीर सिंह की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है और उनसे पूरे मामले की जांच के दौरान सहयोग बरतने के निर्देश दिए गए हैं। कोर्ट में उनके वकील ने कहा कि परमबीर सिंह को पूरे मामले में फंसाया जा रहा है। उन्होंने जिन अधिकारियों को भ्रष्ट आचरण के लिए दंडित किया है, उन्हीं को आज शिकायतकर्ता बनाया गया है। अब तक उनके खिलाफ छह मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications