छत्तीसगढ़: भाजपा के बाद कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व IAS अधिकारी
रायपुर। आईएएस से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए ओपी चौधरी के बाद अब पूर्व आईएएस आरपीएस त्यागी ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उन्होंने राजधानी स्थित कांग्रेस भवन पहुंचकर कांग्रेस की सदस्यता ली। वे जांजगीर, कोरबा धमतरी के कलेक्टर रह चुके हैं। ऐसा माना जा रहा है कि त्यागी कोरबा जिले की किसी विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ सकते है।

आरपीएस त्यागी ने कुछ समय पहले ही राज्य प्रशासनिक सुधार आयोग के सचिव पद से इस्तीफा दिया है। त्यागी इस्तीफा देने के बाद शनिवार को अचानक कांग्रेस दफ्तर पहुंच गए। उन्होंने कांग्रेस पीसीसी चीफ भूपेश बघेल समेत सीनियर नेताओं के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। बता दें कि आरीपएस त्यागी जब कोरबा में जिलाधिकारी थे तब ही उन्होंने वहां एक बड़ा सर्कल तैयार कर लिया था। अब कांग्रेस की सदस्यता लेने की संभावनाएं जताई जा रही है कि त्यागी कांग्रेस के टिकट पर कोरबा जिले की किसी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतर सकते है।
भाजपा में शामिल होने की थी चर्चा
आरपीएस त्यागी के बारे में पहले भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं जोरों पर थी। लेकिन भाजपा के साथ उनका तालमेल नहीं हो सका। जिसके बाद उन्होंने कांग्रेस का रूख किया है। इस खबर ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ में चुनावी माहौल को पूरी तरह गर्मा दिया है जहां एक ओर ओपी चौधरी का बीजेपी में प्रवेश हुआ है वहीं आरपीएस त्यागी के काग्रेंस में आने से राजनीति के अखाड़े में प्रशासनिक अधिकारियों के लिए आने के द्वार खुलने लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications