सिद्धू मूसेवाला के कातिलों से मुठभेड़, 2 शूटर्स को पुलिस ने किया ढेर, 3 पुलिस वाले भी घायल
अमृतसर, 20 जून। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के कातिलों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है। गायक के कातिलों को पुलिस ने अमृतसर के एक गांव में घेर लिया है। अभी तक की जानकारी के मुताबिक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से जुड़े दो शूटर्स को पुलिस ने ढेर कर दिया है। अभी तक तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं जबकि एक पत्रकार को भी गोली लगी है। दो स्थानीय लोगों के भी घायल होने की खबर है। अभी घर के अंदर और भी शूटर घिरे हुए हैं।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक पुलिस को गैंगस्टर्स के गांव में मौजूद होने की जानकारी मिली थी जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की। फिलहाल अभी एनकाउंटर जारी है।
पंजाब पुलिस को सूचना मिली थी कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल शूटर अटारी बॉर्डर के करीब पड़ने वाले गांव चीचा भाकड़ा में छिपे हुए हैं। जानकारी मिलते ही अमृतसर पुलिस की टीमें गांव में पहुंच गईं और उस घर की घेराबंदी शुरू कर दी जिसमें शूटर छिपे हुए थे। रिपोर्ट के मुताबिक दोनों तरफ से फायरिंग भी हुई है। घटनास्थल पर भारी मात्रा में पुलिस बल मौजूद है।
मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को हथियारबंद बदमाशों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। घटना वाले दिन सिद्धू मूसेवाला बिना सुरक्षा के अपने दोस्तों के साथ घर से निकले थे तभी मानसा जिले के जवाहरके गांव के पास उनकी कार को घेरकर उनके ऊपर गोलियां बरसाई गईं थी। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। सिद्धू मूसेवाला की हत्या के एक दिन पहले ही पंजाब सरकार ने जिन वीआईपी की सुरक्षा में कमी की थी उसमें सिद्धू मूसेवाला का नाम भी था।












Click it and Unblock the Notifications