18 जुलाई को होगा राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव, 21 जुलाई को आएंगे नतीजे
नई दिल्ली, 9 जून: भारत निर्वाचन आयोग ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने आज राष्ट्रपति चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए बताया राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 18 जुलाई को होगा। 18 जुलाई को होगा राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट पड़ेंगे और 21 जुलाई को नतीजों का ऐलान किया जाएगा। भारत के मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल अगले महीने (जुलाई) में खत्म हो रहा है।

Recommended Video
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को पूरा हो रहा है, ऐसे में अगले राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए चुनाव आयोग ने कार्यक्रम का ऐलान किया है। राष्ट्रपति चुनाव के लिए 15 जून को अधिसूचना जारी होगी। 29 जून तक नामांकन किए जा सकेंगे। 18 जुलाई को वोटिंग और 21 जुलाई को नतीजों के ऐलान के साथ ही देश को नया राष्ट्रपति मिल जाएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि इस साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में कुल 4,809 मतदाता मतदान करेंगे। चुनाव में मतदान के लिए कोई भी राजनीतिक दल अपने सदस्यों को व्हिप जारी नहीं कर सकता है।
राष्ट्रपति चुनाव में संसद के दोनों सदनों (राज्य सभा और लोकसभा) के सदस्यों के अलावा सभी राज्य के विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली और संघ शासित प्रदेश पुडुचेरी के विधायक वोट डालते हैं। मनोनीत सदस्यों को राष्ट्रपति चुनाव में मतदान करने का अधिकार नहीं है।
देश का पिछला राष्ट्रपति चुनाव जुलाई 2017 में हुआ था। चुनाव में एनडीए के रामनाथ कोविंद को जीत मिली थी। जिसके बाद 25 जुलाई 2017 को देश के 14वें राष्ट्रपति के तौर पर उन्होंने अपना पदभार ग्रहण किया था। आने वाले राष्ट्रपति चुनाव में भी संख्याबल को देखते हुए एनडीए के उम्मीदवार की जीत तकरीबन तय है।












Click it and Unblock the Notifications