राजीव गांधी की समाधि पर 21 मई को भीड़ लाने की कोशिशें तेज
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) राजीव गांधी की 21 मई को पुण्य तिथि है। उस दिन उनकी राजधानी में समाधि वीर भूमि पर सुबह होने वाली प्रार्थना सभा में खासी संख्या में लोग पहुंचे इस बात को सुनिश्चित किया जा रहा है। वीर भूमि में 21 मई को होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को कांग्रेस के दिग्गज नेता अहमद पटेल खुद देख रहे हैं।

मनमोहन बने हुए थे पीएम
पिछले साल हालांकि लोकसभा चुनावों के नतीजे आ गए थे, पर प्रधानमंत्री पद पर 21 मई तक मनमोहन सिंह ही विराजमान थे। मोदी सरकार ने शपथ 26 मई को ली थी। इसके चलते वीर भूमि पर खासी संख्या में लोग थे।
नेताओं को निर्देश
सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस आला कमान ने अपने दिल्ली के नेताओं से कहा है कि वे 21 मई को वीर भूमि पर सुबह आठ बजे से पहले ही पहुंच जाएं। हो सके तो अपने साथ कुछ लोगों को भी लेकर आएं। दिल्ली कांग्रेस के भी कुछ असरदार नेताओं से कहा गया है। इनमें सज्जन कुमार और जगदीश टाइटलर शामिल हैं।
नहीं होगी कमी
राजधानी में रहने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं से लेकर दिल्ली के पूर्व विधायकों से भी वक्त पर गुरुवार को पहुंचने के लिए कहा गया है। माना जा रहा है कि इतनी लंबी-चौड़ी कवायद के बाद तो वीर भूमि पर लोगों की कमी नहीं रहेगी।
सत्ता से बाहर
21 मई को सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रिंयका गांधी, उनके पति और बच्चों के अलावा मनमोहन सिंह लोग पहुंचेंगे ही। दरअसल जब कांग्रेस सत्ता होती है तो वीर भूमि पर लोगों की कभी कोई कमी नहीं महसूस होती। लोग अपने आप ही वहां पर पहुंच जाते हैं। पर इस बार हालात अलग हैं।
कांग्रेस दिल्ली में सत्तासीन नहीं है। दिल्ली विधानसभा में भी वह नहीं है। पड़ोसी य़ूपी से लेकर हरियाणा में भी वह सत्ता में नहीं है। जानकारों का कहना है कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा से भी 21 मई को वीर भूमि पर लोगों को लाने के लिए कहा गया है। उनका अब भी हरियाणा में असर है।












Click it and Unblock the Notifications