भारत में स्मार्ट ग्रिडों के सपने को साकार करने के लिए 50 लाख स्मार्ट मीटर खरीदेगी ईईएसएल
नई दिल्ली। भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के उपक्रम एनर्जी एफिसिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) ने इस साल जुलाई में 50 लाख स्मार्ट मीटरों की खरीदारी के लिए एक मेगा टेंडर जारी किया था। मेगा टेंडर जारी कर 50 लाख स्मार्ट मीटर खरीदने का उद्देश्य समग्र तकनीकी एवं वाणिज्यिक हानियों और बिजली की चोरी कम करने के साथ-साथ बिजली की आपूर्ति पर चौबीसों घंटे करीबी नजर रखना है। साथ ही इससे अधिक दक्षता और सभी के लिए चौबीस घंटे बिजली मुहैया कराने में भी मदद मिलेगी।

बेहतर बिलिंग दक्षता और बिजली चोरी रोकना है उद्देश्य-
50 लाख स्मार्ट मीटरों की खरीदारी के लिए ईईएसएल द्वारा 22 अगस्त, 2017 को बोली पूर्व बैठक आयोजित की थी। इस बैठक में स्मार्ट मीटर निर्माताओं और सिस्टम इंटीग्रेटरों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। इतना ही नहीं विश्व बैंक और दूरसंचार ऑपरेटरों सहित अन्य कई हितधारकों ने भी काफी रुचि दिखाई। स्मार्ट मीटर कंपनियों द्वारा इसमें दिखाई गई दिलचस्पी का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि बोली-पूर्व बैठक में लगभग 100 कंपनियों ने इसमें भाग लिया।
ईईएसएल ने बताया कि वह एडवांस में निवेश करने के साथ-साथ अगले 10 वर्षों तक पूरे बुनियादी ढांचे का रख-रखाव भी करेगी। ईईएसएल इसके बाद के वर्षों में विद्युत वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) को होने वाली बचत से अपने निवेश को वापस प्राप्त करेगी। हरियाणा और उत्तर प्रदेश में स्मार्ट ग्रिड परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए इन मीटरों की खरीदारी की जा रही है। ये मीटर न केवल बेहतर बिलिंग दक्षता के जरिए इन राज्यों की एटीएंडसी हानियों को कम करने में मददगार साबित होंगे, बल्कि वे आम उपभोक्ताओं द्वारा वर्तमान में की जा रही बिजली खपत और उसके भुगतान के तरीके को भी पूरी तरह से बदल कर रख देंगे।












Click it and Unblock the Notifications