नौकरी के बदले जमीन घोटाले में लालू यादव और तेजस्वी यादव की बढ़ी मुश्किलें, ईडी ने दाखिल किया पूरक आरोप पत्र
Land For Job Scam: जमीन के बदले नौकरी घोटाले में पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद और उनके बेटे तेजस्वी यादव की मुश्किलें बढ़ गई है। प्रवर्तन निदेशालय ने मंगलवार को पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद और उनके बेटे तेजस्वी यादव सहित आठ अन्य के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दाखिल किया है। विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने अगली सुनवाई 13 अगस्त के लिए निर्धारित की है। ईडी का यह मामला सीबीआई की एफआईआर के बाद दर्ज किया गया है।
आरोप 2004 से 2009 तक लालू के रेल मंत्री रहने के दौरान के हैं। इस दौरान यह दावा किया जाता है कि रेलवे में भर्ती करने वालों ने नौकरी के बदले में लालू के परिवार और सहयोगियों को जमीन उपहार में दी थी। ये भर्तियां खास तौर पर मध्य प्रदेश के जबलपुर में रेलवे के पश्चिम-मध्य क्षेत्र में ग्रुप-डी पदों पर की गई थी।

यह मामला रेलवे विभाग में नियुक्तियों से जुड़ा है। इसके बदले में कथित तौर पर लालू के परिवार या उनके करीबी लोगों को जमीन हस्तांतरित की गई। रेलवे में नौकरी चाहने वाले सैकड़ों लोगों ने कथित तौर पर लालू यादव के कार्यकाल के दौरान अपनी जमीन उनके परिवार या उनके करीबियों के नाम कर दी थी।
यह मामला तब सामने आया जब कुछ लोगों ने अपनी ज़मीन हस्तांतरित की और उन्हें वादा किए गए अनुसार नौकरी नहीं मिली। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, सीबीआई ने अदालत को बताया कि रेल मंत्री या क्षेत्रीय प्रबंधक को लगभग 1450 आवेदन भेजे गए। सीबीआई ने लालू के परिवार से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों को कब्जे में लेने का भी दावा किया है। जिसके चलते कई छापे मारे गए।
ईडी द्वारा पूरक आरोप पत्र दाखिल करने से लालू यादव और तेजस्वी यादव की मुश्किलें बढ़ गई है। इसमें हाई-प्रोफाइल लोग और लालू प्रसाद के मंत्रिपरिषद कार्यकाल के दौरान कथित भ्रष्टाचार शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications