दिल्ली-NCR,उत्तराखंड में भूकंप के झटके, NDRF की टीमें रवाना
दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड सहित पूरे उत्तर भारत में भूकंप के झटके, लोग घर से बाहर निकले
नई दिल्ली। पूर्वोत्तर भारत में भूकंप के तेज झटकों के बाद लोग आनन-फानन में घर छोड़कर भागने लगे। भूकंप के झटके सबसे अधिक दिल्ली, एनसीआर में महसूस किए गए। जिन लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए उनका कहना है कि यह झटके काफी देर तक आते रहे, जिसके बाद घर की लाइटें, सहित तमाम सामान हिलने लगा। कुछ लोगों का कहना है कि भूकंप के झटके तकरीबन 30 सेकंड तक महसूस किए गए।

NDRF की टीमें रवाना, गृह मंत्रालय सक्रिय
भूकंप के झटकों के बाद गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने इसकी विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और एनडीआरएफ की टीम को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दे दिए हैं। भूकंप का केंद्र रुद्रप्रयाग है लिहाजा यहां एनडीआरएफ की दो टीम को तुरंत रवाना कर दिया गया है। एनडीआरएफ की डीजी ने बताया कि रुद्रप्रयाग में दो टीमों को तुरंत मौके पर रवाना कर दिया गया। वहीं भूकंप के बाद इस पर गृहमंत्रालय अपनी नजर बनाए हुए है, वहीं भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में गाजियाबाद से उत्तराखंड के लिए एनडीआरएफ की टीम भेज दी गई है, जिससे कि आगे किसी भी तरह की मुश्किल से निपटा जा सके।
भूकंप के बाद हर तरफ चीख-पुकार
हल्द्वानी में लोगों का कहना है कि भूकंप के झटके इतने तेज थे कि लोगों में अफरा-तफरी मच गई और हर तरफ शोर होने लगा, लोग तुरंत अपना सामान लेकर घर से बाहर भागने लगे थे।
भूकंप की तीव्रता 5.8
दिल्ली और एनसीआर में भूकंप के झटके आने के बाद लोग तेजी से घरों के बाहर भागे। दिल्ली के अलावा उत्तराखंड के देहरादून में भी लोग घर के बाहर आकर खड़े हो गए। दिल्ली में भूकंप के झटके इस कदर महसूस किए गए कि इमारतों को लोगों ने हिलते हुए देखा। भारतीय भूकंप ब्यूरों के अनुसार भूकंप का केंद्र उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में था और इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.8 दर्ज की गई।












Click it and Unblock the Notifications