'लिबरल्स-कांग्रेस नाराज हैं', दूरदर्शन हुआ 'भगवा' तो मचा बवाल, जानिए DD News ने क्यों बदला Logo
DD News Logo Row: पब्लिक ब्रॉडकास्टर दूरदर्शन न्यूज चैनल ने अपने लोगो (Logo) का रंग बदलकर अब नारंगी (केसरिया) कर लिया है। डीडी न्यूज का लोगो बदलने का मुद्दा अब विवादों में आ गया है।
देश के विपक्षी नेताओं ने इसकी आलोचना की है। लोकसभा चुनाव-2024 के पहले लोगो के बदले रंग को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। आइए जानें डीडी न्यूज ने लोगो क्यों बदला और क्यों हो रहा है विवाद?

क्यों बदला गया DD News का Logo?
दूरदर्शन के अंग्रेजी समाचार चैनल डीडी न्यूज ने हाल ही में एक्स पर एक नया प्रमोशनल वीडियो साझा कर लोगो बदलने की जानकारी दी है। चैनल ने कहा, ''हालांकि हमारे मूल्य वही हैं, हम अब एक नए अवतार में आपके सामने आए हैं। एक ऐसी समाचार यात्रा के लिए तैयार हो जाइए जो पहले कभी नहीं देखी होगी। अब आपको नए डीडी न्यूज का अनुभव मिलेगा।''
दूरदर्शन के लोगो बदलने के मुद्दे पर प्रसार भारती के सीईओ गौरव द्विवेदी ने कहा, ''चमकीले, आकर्षक रंग के लोगो का इस्तेमाल हमने चैनल की ब्रांडिंग और आकर्षक लगने की वजह से किया है। सिर्फ लोगो ही नहीं, चैनल ने नई लाइटिंग और उपकरणों सहित अपने लुक और फील को भी अपग्रेड किया है।''

गौरव द्विवेदी ने कहा, ''चैनल का लोगो हमने विजुअल एस्थेटिक को ध्यान में रखते बदला है। लोगो का रंग नारंगी है, ना कि भगवा। ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोग इस बारे में आलोचनात्मक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। हमे बीते 6 से 8 महीने इस लोगो बदलने की दिशा में काम कर रहे हैं।
कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा से जोड़कर डीडी न्यूज के लोगो को देखना गलत है। पिछले कई सालों में दूरदर्शन ने अपने लोगो का रंग बदलकर नीला, पीला और लाल किया है। लोगों में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है। सिर्फ रंग में बदलाव है।
DD News के बदले Logo पर क्या बोले विपक्षी नेता?
कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा, ''दूरदर्शन के लोगो का रंग बदलना सरकारी संस्थानों पर कब्जा करने की कोशिश है। यह सरकार की ओर से भगवावाद करने का प्रयास है। ये कदम पब्लिक ब्रॉडकास्टर की तटस्थता और विश्वसनीयता को कमजोर करने वाला है।''
तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राज्यसभा सांसद प्रसार भारती (डीडी, एआईआर) के पूर्व सीईओ, जवाहर सरकार ने लोगो बदलने की आलोचना की है। उन्होंने कहा, ''नेशनल ब्रॉडकास्टर दूरदर्शन ने अपने ऐतिहासिक फ्लैगशिप लोगो को भगवा रंग में रंग दिया है। इसके पूर्व सीईओ के रूप में, मैं इसके भगवाकरण को लेकर चिंतित हूं। मैं यह महसूस कर रहा हूं कि यह अब प्रसार भारती नहीं है, यह प्रचार भारती है।''

DD News के बदले Logo पर भाजपा के नेताओं ने क्या कहा?
भाजपा के आंध्र प्रदेश राज्य उपाध्यक्ष ने कहा, 'जब दूरदर्शन 1959 में लॉन्च किया गया था, तो भी इसका लोगो भगवा ही था। सरकार ने सिर्फ पुराना लोगो ही अपनाया है। तो लिबरल्स और कांग्रेस नाराज हो गए हैं। यह साफ-साफ दिखाता है कि वे भगवा और हिंदुओं के प्रति घृणा का भाव रखते हैं।'
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा, ''भगवा से इतनी नफरत क्यों है...इन लोगों को? भगवा रंग का आनंद ये लोग नहीं ले सकते, ये लोग तो सिर्फ तुष्टिकरण करने वाले लोग है।''












Click it and Unblock the Notifications