Donald Trump News: क्या भारत में अमेरिकी इम्पोर्ट होगा टैक्स फ्री? ट्रंप के दावे पर जयशंकर का जवाब
Donald Trump News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि भारत ने अमेरिका से आने वाले सामानों पर सभी टैरिफ (आयात शुल्क) हटाने की पेशकश की है। ट्रंप ने यह बयान कतर की राजधानी दोहा में व्यापारिक नेताओं के साथ बैठक के दौरान दिया। उन्होंने कहा, वे (भारत) सचमुच हमसे कोई शुल्क नहीं लेने को तैयार हैं। हालांकि, ट्रंप ने इस कथित प्रस्ताव के बारे में कोई और जानकारी साझा नहीं की। वहीं ट्रंप के इस बयान के बाद भारत सरकार की ओर से विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बयान जारी किया है।

जयशंकर ने ट्रंप को दिया जवाब
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर (S. Jaishankar) ने कहा, 'भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ताएं चल रही हैं। ये बेहद जटिल बातचीत होती हैं। जब तक सब कुछ तय नहीं हो जाता, तब तक कुछ भी तय नहीं माना जा सकता। किसी भी व्यापार समझौते का दोनों देशों के लिए फायदेमंद होना ज़रूरी है। यह हमारी व्यापार समझौते से अपेक्षा होगी। जब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक उस पर कोई भी टिप्पणी करना जल्दबाज़ी होगी।
अमेरिका दौरे पर जाने वाले हैं पीयूष गोयल
यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल 16 मई से अमेरिका दौरे पर जा रहे हैं। वह व्यापारिक वार्ताओं को आगे बढ़ाने के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। उनका यह दौरा अप्रैल में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस की भारत यात्रा के बाद हो रहा है, जहां उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापारिक मुद्दों पर चर्चा की थी, जिसमें अमेरिकी टैरिफ से भारतीय सामान को बचाने की बात भी शामिल थी।
मैं नहीं चाहता कि आप भारत में मोबाइल बनाएं- ट्रंप
ट्रंप ने अपने भाषण में एप्पल के सीईओ टिम कुक (Apple Ceo Tim Cook
) का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने टिम कुक से कहा, मैं नहीं चाहता कि आप भारत में मोबाइल बनाएं। ट्रंप ने कहा कि एप्पल को अमेरिका में ही मैन्युफैक्चरिंग बढ़ानी चाहिए। बता दें कि एप्पल (Donald Trump on Tim cook)ने हाल के वर्षों में चीन पर निर्भरता कम करने के लिए भारत में उत्पादन बढ़ाने की योजना बनाई है।
ये भी पढ़ें 100 Days Of Trump: ट्रंप के 100 दिन पूरे, दुनिया की बज गई बैंड! कहां हुए फेल और कहां पास?
ट्रंप से पहले ही नाराज है भारत
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत उनके हालिया बयान से पहले ही नाराज़ है। ट्रंप ने दावा किया था कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष रोकने के लिए व्यापार को हथियार की तरह इस्तेमाल किया। लेकिन भारतीय अधिकारियों ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया।
चीन के सामने ट्रंप ने घुटने टेके
इसी बीच, अमेरिका ने चीन को छोड़कर बाकी अधिकतर व्यापारिक साझेदारों पर लगाए गए अतिरिक्त शुल्क को फिलहाल रोक दिया है। अमेरिका और चीन के बीच व्यापार वार्ता में प्रगति हुई है और दोनों देशों ने 90 दिनों के लिए टैरिफ में कटौती पर सहमति जताई है। इससे भारत में चिंता बढ़ गई है क्योंकि कई कंपनियां जो चीन छोड़कर भारत आई थीं, अब फिर से चीन लौट सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications