Diwali Flight Tickets: खुशखबरी! दिवाली-छठ पर बिना चिंता फ्लाइट से जाएं घर, कैसे मिलेगा सस्ते में टिकट?
Diwali Flight Tickets: दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही देशभर में यात्रियों की आवाजाही तेजी से बढ़ने लगी है। रेलवे से लेकर एयरलाइंस तक हर जगह भीड़ का दबाव साफ दिख रहा है। ऐसे में हवाई यात्रियों को राहत देने के लिए बड़ी एयरलाइंस ने बड़ा ऐलान किया है।
इंडिगो, एअर इंडिया और स्पाइसजेट ने मिलकर 1,700 से ज्यादा अतिरिक्त फ्लाइट्स बढ़ाने का फैसला किया है। इससे लोगों को टिकट आसानी से मिल सकेगी और यात्रा सुविधाजनक होगी। यह फैसला डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) के साथ हुई बैठक के बाद लिया गया है।

बैठक में न सिर्फ फ्लाइट्स बढ़ाने का निर्णय हुआ बल्कि एयर टिकटों की मनमानी बढ़ोतरी पर भी सख्ती दिखाई गई। त्योहारों पर आमतौर पर टिकटों के दाम कई गुना बढ़ जाते हैं। लेकिन इस बार DGCA ने साफ कर दिया है कि हाई डिमांड वाले रूट्स पर खास निगरानी रखी जाएगी।
ये भी पढ़ें: Farrukhabad Private Jet Crash Reason: फर्रूखाबाद में जेट क्रैश, इस कंपनी के MD समेत 6 थे सवार, कौन-कौन बचा?
मनमानी किराया बढ़ाया तो मिलेगी सजा
DGCA ने एयरलाइंस को चेतावनी दी है कि त्योहारों की भीड़ का फायदा उठाकर टिकटों के दाम मनमाने तरीके से न बढ़ाए जाएं। सिविल एविएशन मंत्रालय ने भी हाई डिमांड वाले रूट्स पर खास निगरानी रखने को कहा है। ताकि यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।
इंडिगो सबसे आगे
बैठक के बाद इंडिगो ने 42 रूट्स पर 730 फ्लाइट्स बढ़ाने का ऐलान किया। इसके अलावा एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस मिलकर 20 रूट्स पर 486 फ्लाइट्स चलाएंगी। वहीं स्पाइसजेट ने 38 रूट्स पर 546 फ्लाइट्स की घोषणा की है। यानी दिवाली सीजन में कुल मिलाकर 1,700 से अधिक अतिरिक्त फ्लाइट्स उड़ान भरेंगी।
ईंधन की कीमत से बढ़ेगा दबाव
एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में पिछले चार महीनों में लगभग ₹12,000 प्रति किलोलीटर की वृद्धि हुई है। चूंकि ATF एयरलाइंस की लागत का 50% से ज्यादा हिस्सा होता है, इसलिए टिकट की कीमतों पर सीधा असर पड़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले महीनों में हवाई यात्रा और महंगी हो सकती है।
बोइंग 787 की जांच की मांग
पायलटों के संगठन फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (FIP) ने DGCA को पत्र लिखकर सभी बोइंग 787 विमानों की तकनीकी जांच की मांग की है। हाल ही में एअर इंडिया के अमृतसर-बर्मिंघम रूट पर उड़ रहे बोइंग 787 विमान में तकनीकी दिक्कत सामने आई थी। लैंडिंग से ठीक पहले रैम एयर टरबाइन (RAT) अपने आप सक्रिय हो गई थी। हालांकि, विमान सुरक्षित उतरा, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
त्योहारों में बढ़ेगी हवाई यात्रा
त्योहारों पर बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों से आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या हर साल बढ़ जाती है। ऐसे में अतिरिक्त फ्लाइट्स से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और भीड़ का दबाव कम होगा। एयरलाइंस का कहना है कि वे यात्रियों को बेहतर सेवा देने और समय पर उड़ान भरने की कोशिश करेंगी।
ये भी पढ़ें: Air India Flight News: दुर्घटनाग्रस्त होते बाल-बाल बची कोलंबो-चेन्नई एयर इंडिया फ्लाइट! सवार थे 158 यात्री












Click it and Unblock the Notifications