वृंदावन से लौटकर कितना बदल गए हैं तेजप्रताप, देखिए तस्वीरें
मथुरा-वृंदावन से लौटकर तेजप्रताप यादव विधानसभा पहुंचे तो उनके अंदाज काफी बदले-बदले से नजर आए।
नई दिल्ली। अपनी पत्नी ऐश्वर्या से तलाक लेने की जिद पर अड़े लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव शुक्रवार को बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र में हिस्सा लेने पहुंचे। विधानसभा के अंदर तेजप्रताप ने बिहार की नीतीश सरकार पर तो हमला बोला, लेकिन उनके अंदाज काफी बदले-बदले से नजर आए। धोती कुर्ता पहने तेजप्रताप ने माथे पर यू आकार में तिलक लगाया हुआ था और गले में कई मालाएं पहनी हुईं थी। विधानसभा सत्र में हिस्सा लेने के दौरान तेजप्रताप ने किसी भी विधायक से कोई खास बात नहीं की और सदन की कार्यवाही खत्म होते ही वहां से चले गए।

तेजस्वी और ससुर ने नहीं हुआ आमना-सामना
बिहार विधानसभा में शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन तेजप्रताप यादव सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेने पहुंचे। विधानसभा पहुंचे तेजप्रताप यादव सीधे विधायक लॉबी में जाकर बैठ गए। प्रश्नकाल शुरू होने के दौरान तेजप्रताप यादव के भाई तेजस्वी और उनके ससुर चंद्रिका राय सदन नहीं पहुंचे थे, इसलिए तीनों का आमना-सामना नहीं हुआ। इसके बाद जब सदन की कार्यवाही खत्म हो गई तो तेजप्रताप यादव विधानसभा से निकल गए। इस दौरान तेजप्रताप ने बाहर आकर मीडिया से बात करते हुए प्रदेश की नीतीश सरकार पर हमला बोला।

घर जाने के सवाल पर क्या थी तेजप्रताप की प्रतिक्रिया?
तेजप्रताप सदन से बाहर निकले तो मीडिया के कैमरों ने उन्हें घेर लिया। मीडिया से बात करते हुए तेजप्रताप ने कहा, 'इन दिनों बिहार राज्य में बवाल मचा हुआ है। हमारी पार्टी के लोग जनता और उनसे जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं। बिहार सरकार की जो खामियां हैं, हमारी पार्टी उन्हें भी उजागर कर रही है।' हालांकि पत्रकारों ने जब उनसे घर जाने को लेकर सवाल पूछे तो तेजप्रताप बिना कोई जवाब दिए अपनी गाड़ी में बैठकर निकल गए। आपको बता दें कि वृंदावन से लौटने के बाद तेजप्रताप यादव अपने घर नहीं गए हैं।

मीसा भारती ने उठाई है भाई को समझाने की जिम्मेदारी
गौरतलब है कि तेजप्रताप यादव अभी भी अपनी पत्नी से तलाक लेने की जिद पर अड़े हुए हैं। तेजप्रताप और ऐश्वर्या के तलाक को लेकर पूरे परिवार की एक ही राय है कि ये शादी नहीं टूटनी चाहिए। तेजप्रताप की जिद को देखते हुए अब उनकी बड़ी बहन मीसा भारती ने उन्हें समझाने की जिम्मेदारी उठाई है। बताया जा रहा है कि तेजप्रताप यादव परिवार में सबसे ज्यादा अगर किसी की बात मानते हैं तो वो मीसा ही हैं। दोनों के बीच काफी लगाव भी है। खबर है कि मीसा पिछले कई दिनों से फोन पर तेजप्रताप यादव के संपर्क में बनी हुई हैं और उन्हें समझाने का प्रयास कर रही हैं।

फैसले पर अड़े हुए हैं तेजप्रताप
इस बारे में जानकारी देते हुए तेजप्रताप के एक नजदीकी दोस्त ने बताया कि मीसा भारती ने जिद पर अड़े अपने भाई से कहा है कि उसके तलाक का फैसले का असर पिता लालू प्रसाद यादव की तबीयत और परिवार दोनों पर पड़ रहा है। मीसा लगातार तेजप्रताप के संपर्क में हैं और उन्हें किसी भी तरह से तलाक के मामले पर समझाने में जुटी हुई हैं। हालांकि तेजप्रताप यादव फिलहाल अपने फैसले पर अड़े हुए हैं। तेजप्रताप ने बीते 2 नवंबर को पटना के फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी, जिसपर गुरुवार को सुनवाई हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications