क्या दूसरे राज्यों में फंसे लोगों के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेन? गृह मंत्रालय ने दिया जवाब
नई दिल्ली। गृह मंत्रालय ने बुधवार को राज्यों के भीतर आपसी सहमति से प्रवासी कामगारों, पर्यटकों, तीर्थयात्रियों, छात्रों और अन्य लोगों को सशर्त एक राज्य से दूसरे राज्य में जाने की अनुमति दी थी। अब मंत्रालय ने लोगों के घर भेजने के लिए किसी साधन का उपयोग किया जाएगा, इसे लेकर अहम जानकारी साझा की है। मंत्रालय के मुताबिक, फिलहाल बसों से लोगों को भेजने की परमीशन मिली है।

गुरुवार को गृह मंत्रालय की सयुंक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा कि, केंद्र सरकार की ओर से अभी फिलहाल बसों को उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। दरअसल अन्य राज्यों में फंसे बिहार के श्रमिक और छात्रों को वापस लाने में बिहार सरकार ने अपनी असमर्थता जाहिर की है। राज्य के डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने ट्वीट कर केंद्र सरकार से स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग की है।
गुरुवार को डिप्टी सीएम मोदी ने एक ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा, 'मैं भारत सरकार से अपील करता हूं कि वे स्पेशल ट्रेन चलाए ताकि प्रवासियों को वापस लाया जा सके।' इससे पहले उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने रेल चलाने की इजाजत नहीं दी है। ऐसे में अन्य राज्यों में फंसे बिहार के छात्रों और श्रमिकों को बस से आना होगा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के पास इतनी बसें ही नहीं हैं कि हम विभिन्न राज्यों से लोगों को वापस लाएं। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि हम अन्य राज्य सरकारों से इस मामले पर बातचीत करेंगे और आपसी सहमति के मुताबिक फैसला लिया जाएगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1718 नए मामले सामने आए हैं और 67 लोगों की मौत हो गई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 33,050 हो गई है, जिसमें 23,651 सक्रिय हैं, 8,325 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1074 लोगों की मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications