दिग्विजय ने यूपी के डिप्टी सीएम का "दुर्घटना" वीडियो रीट्वीट कर पीएम मोदी से पूछा सवाल
नई दिल्ली। कांग्रेस के दिग्गज नेता और पार्टी के महासचिव दिग्विजय सिंह ने पुलवामा में 14 फरवरी को हुए आतंकी हमले को 'दुर्घटना' बता दिया, जिसको लेकर खासा विवाद सामने आया है। बीजेपी ने दिग्विजय सिंह की इस टिप्पणी पर जमकर निशाना साधा। अभी इस मुद्दे पर सियासी हंगामा चल ही रहा था कि बीजेपी नेता और उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में केशव प्रसाद मौर्य ने भी पुलवामा हमले को 'दुर्घटना' बताया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद दिग्विजय सिंह ने इसे रिट्वीट करते हुए बीजेपी पर पलटवार किया है।

'पीएम मोदी और उनके मंत्रीगण मौर्य जी के बारे में कुछ कहना चाहेंगे?'
केशव प्रसाद मौर्य का वीडियो सामने आने के बाद दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर पलटवार करते हुए कहा, "पुलवामा आतंकी हमले को मैंने 'दुर्घटना' कह दिया तो मोदी जी से लेकर 3 केंद्रीय मंत्री मुझे पाकिस्तान समर्थक बताने में जुट गए। उत्तर प्रदेश में भाजपा के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य जी का बयान कृपया सुनें। मोदी जी व उनके मंत्रीगण मौर्य जी के बारे में कुछ कहना चाहेंगे?" अगले ट्वीट में उन्होंने लिखा, "पुलवामा आतंकी हमला हमारे लिए, सभी देशवासियों और विशेष तौर पर उस में शहीद हुए बहादुरों के परिवारों के लिए तो दुखद दुर्घटना थी। जो उसे दुखद दुर्घटना ना मानें तो यह उनका विवेक है।"
अगले ट्वीट में दिग्विजय ने पीएम मोदी से पूछा ये सवाल
एक और ट्वीट में दिग्विजय सिंह ने पीएम मोदी से सवाल करते हुए कहा, "आज तक मोदी जी ने पुलवामा के आतंकी हमले में Intelligence Failure के बारे में क्या कार्यवाही की, कौन उसके लिए ज़िम्मेदार है देश को अवगत नहीं कराया। क्या इस विषय पर मोदी जी किसी को ज़िम्मेदार ठहराते हैं या नहीं? क्या NSA, IB Chief, और Raw Chief से आपने स्पष्टीकरण मांगा?"
दिग्विजय बोले- 'अगर आप में साहस है तो मेरे ऊपर मुकदमा दायर करें'
दिग्विजय सिंह ने एक और ट्वीट में कहा, "मोदी जी आपने व आपके मंत्री गणों ने मुझ पर अनेक आरोप लगाए हैं आपके अनेक भाजपा नेता मुझ पर देशद्रोह का मुकदमा दायर करना चाहते हैं। मेरे जिस ट्वीट पर आप व आपके मंत्री गण मुझे पाकिस्तान समर्थक मानते हैं देशद्रोही मानते हैं वह मैंने दिल्ली से किया था जहॉं की पुलिस केंद्र सरकार के अन्तर्गत आती है। अगर आप में साहस है तो मेरे ऊपर मुकदमा दायर करें।"
क्या कहा केशव प्रसाद मौर्य ने, जिसे दिग्विजय ने किया रीट्वीट
बता दें कि पूरा विवाद उस समय सामने आया जब मंगलवार को कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने अपने एक ट्वीट में पुलवामा आतंकी हमले को 'दुर्घटना' लिखा था। बीजेपी ने इस ट्वीट को लेकर दिग्विजय सिंह को तुरंत निशाने पर ले लिया था, हालांकि अब बीजेपी नेता और यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी दिग्विजय सिंह वाली गलती कर डाली है। हरियाणा के रोहतक में एक कार्यक्रम के दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने भी पुलवामा आतंकी हमले को 'दुर्घटना' बता दिया। सोशल मीडिया पर उनका वायरल हो रहा ये वीडियो 21 फरवरी का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए हरियाणा के रोहतक जिले में आए हुए थे। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों ने उनसे पुलवामा आतंकी हमले में सुरक्षा चूक को लेकर जब सवाल पूछा तो केशव प्रसाद मौर्य ने इस पर प्रतिक्रिया देते समय इसे दुर्घटना बता दिया था।












Click it and Unblock the Notifications