Operation Sindoor में IAF ने खोए फाइटर जेट? रक्षा अताशे ने बताया सच, जानिए क्या कहा?
Operation Sindoor : इंडोनेशिया स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार (29 जून, 2025) को रक्षा अताशे कैप्टन शिव कुमार की ओर से की गई टिप्पणी पर स्थिति साफ करते हुए कहा है कि 'इंडोनेशिया में भारत के रक्षा अताशे ने 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर जो टिप्पणी की थी, उसे मीडिया ने तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया है, ये सही नहीं है, कहा कुछ गया था और उसे बाहर गलत ढंग से पेश किया गया।'
बता दें कि इंडोनेशिया में भारत के रक्षा अताशे शिव कुमार ने हाल ही में हुए एक कार्यक्रम में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कुछ बयान दिया था, जिस पर हंगामा मच गया है।

मालूम हो कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि 'शिवकुमार ने अपने बयान में कहा है कि 'ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने अपने कुछ लड़ाकू विमान खो दिए क्योंकि सरकार ने पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों पर हमला करने से मना किया हुआ था।'
हमने कुछ विमान खो दिए: शिवकुमार
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कैप्टन शिव कुमार ने कहा है 'मैं इस बात से सहमत हूं कि हमने कुछ विमान खो दिए और ऐसा केवल राजनीतिक नेतृत्व द्वारा सैन्य प्रतिष्ठानों और उनके हवाई सुरक्षा पर हमला नहीं करने की बाध्यता के कारण हुआ। नुकसान के बाद, हमने अपनी रणनीति बदल दी और उनके सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला किया।'
भारतीय दूतावास ने रक्षा अताशे की टिप्पणी को किया स्पष्ट
इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद बवाल मच गया। कांग्रेस ने इस पर सरकार से सीधा सवाल करते हुए जवाब मांगा लेकिन अब भारतीय दूतावास ने इस मामले में स्पष्टीकरण जारी किया है।
मीडिया रिपोर्ट वक्ता द्वारा दिए गए प्रेजेंटेशन का गलत प्रतिनिधित्व करती हैं
उसने एक्स पर लिखा कि 'हमने एक सेमिनार में रक्षा अताशे द्वारा दिए गए प्रेजेंटेशन के बारे में मीडिया रिपोर्ट देखी हैं, उनकी टिप्पणियों को संदर्भ से बाहर उद्धृत किया गया है और मीडिया रिपोर्ट वक्ता द्वारा दिए गए प्रेजेंटेशन के इरादे और जोर का गलत प्रतिनिधित्व करती हैं।'
भारतीय प्रतिक्रिया गैर-उग्र थी (Operation Sindoor)
'प्रेजेंटेशन में बताया गया था कि भारतीय सशस्त्र बल हमारे पड़ोस के कुछ अन्य देशों के विपरीत नागरिक राजनीतिक नेतृत्व के तहत काम करते हैं।ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य आतंकवादी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना था और भारतीय प्रतिक्रिया गैर-उग्र थी।'
क्या कहा जयराम रमेश ने? (Operation Sindoor)
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा कि 'ऑपरेशन सिंदूर पर पहले सिंगापुर में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) ने अहम खुलासे किए फिर इंडोनेशिया में एक कार्यक्रम के दौरान एक वरिष्ठ रक्षा अधिकारी ने उन बातों को आगे बढ़ाया लेकिन प्रधानमंत्री सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करने और विपक्ष को भरोसे में लेने से क्यों इनकार कर रहे हैं? संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग को क्यों खारिज कर दिया गया है?'
भारत ने 7 मई को Operation Sindoor लॉन्च किया था
आपको बता दें कि भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था , जिसके तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकी और सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला किया था, इससे पाकिस्तान के साथ चार दिनों का सैन्य टकराव शुरू हो गया, जिसमें लड़ाकू जेट, मिसाइलें, ड्रोन, लंबी दूरी के हथियार और भारी तोपखाने शामिल थे, फिलहाल दोनों पक्ष 10 मई को सभी सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमत हुए थे, तब से बार्डर पर हमले रूके हुए हैं, हालांकि भारत सरकार ने साफ कहा है कि Operation Sindoor रूका हुआ है, बंद नहीं हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications