बागेश्वर धाम के दरबार में 36 लोगों की सोने की चेन चोरी, भक्त ने कहा- 'मैं तो बाबा से पर्चा लेने आई थी लेकिन..'
Bageshwar Dham Sarkar Dhirendra Krishna Shastri: कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार से चोरी हुए लाखों के सोने के आभूषण के मामले में मुंबई पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Bageshwar Dham Sarkar Dhirendra Krishna Shastri News: बागेश्वर धाम सरकार के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार में भक्तों के लाखों के सोने के गहने चोरी हो गए हैं। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दो दिवसीय कार्यक्रम 18 मार्च से 19 मार्च तक मुंबई के मीरा रोड के सालासर सेंट्रल पार्क ग्राउंड में आयोजित किया गया था। दो दिवसीय कार्यक्रम में स्वयंभू धर्मगुरु धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के लगभग 36 भक्तों के सोने के चेन चोरी हुए। मुंबई पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जिन भक्तों के सोने के गहने चोरी हुए हैं उन्होंने अपना दर्द साझा किया है।

2 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं की थी भीड़
मीरा रोड पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चोरी हुए सोने के गहनों की मात्रा बहुत ज्यादा थी और वे इसका पता लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया था, जिसमें अफरा-तफरी मच गई थी। जिसमें एक महिला घायल हो गई। इतनी बड़ी भीड़ को संभालने के लिए प्रबंधन की कमी के कारण ऐसा माहौल हुआ।
रविवार के कार्यक्रम के लिए, पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के प्रवेश बिंदुओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक भगदड़ जैसी स्थिति थी, इसलिए उनका ध्यान भगदड़ जैसी स्थिति को संभालने पर था। उनको डर था कि किसी को कोई गंभीर चोट ना लगे।

'मैं तो अपनी बेटी का दर्द मिटाने आई थी...'
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार में आई एक भक्त और शिकायतकर्ताओं में से एक मीरा रोड निवासी सुनीता गवली ने बताया कि उनकी दो साल की बेटी पिछले कई दिनों से बीमार चल रही थी। उसने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के उपचार शक्ति वाले वीडियो देखे थे जिसमें उन्होंने अपने मोबाइल फोन पर बीमारियों का निदान और इलाज किया था और अपनी बेटी का नाम चिट में डालने का फैसला किया था।
सुनीता गवली ने कहा, ''मुझे उम्मीद थी कि बाबा मेरी बेटी का नाम चुनेंगे और उसका इलाज करेंगे। मैं बाबा से पर्चा बनवाने पहुंची थी लेकिन इसके बजाय मेरा मंगलसूत्र लूट लिया गया जो कि मेरे पास केवल सोने का एक मात्र गहना था।''

'ग्राउंड में जाते वक्त लूटी गई मेरी चेन...'
एक अन्य भक्त शोभावती यादव अपने सोने के चेन खो जाने से सदम में हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम ग्राउंड में जाते वक्त कथित रूप से उनकी चेन लूट ले ली गई थी। शोभावती यादव बोलीं, 'वहां भीड़ थी और वहां कोई भी पुलिसकर्मी भीड़ को कंट्रोल नहीं कर रहा था। जब मैं किसी तरह मैदान के अंदर जाने में कामयाब हुई तो मुझे एहसास हुआ कि मेरी सोने की चेन गायब थी।'

'वहां हर जगह अव्यवस्था थी...'
कांदिवली की रहने वाली गीता प्रजापति का भी कहना है कि भीड़ में ही उनका मंगलसूत्र गायब हुआ था। गीता प्रजापति ने कहा, 'हर जगह अव्यवस्था थी और कई लोगों को जमीन पर बैठने तक की जगह नहीं मिली। जब लोगों ने बताया कि कई महिलाओं को लूटा गया है तो मुझे एहसास हुआ कि किसी ने मेरी चेन भी लूट ली गई है।' हालांकि अब तक कार्यक्रम के आयोजकों ने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की थी।

मुंबई पुलिल मे पूरे मामले पर क्या कहा?
मीरा रोड थाने के एक पुलिस अधिकारी ने कहा, हम संदिग्धों का पता लगाने और उनकी तलाश करने के लिए इलाके के सीसीटीवी को स्कैन कर रहे हैं। हमने चोरी के मामले दर्ज किए हैं और उनकी जांच कर रहे हैं। शांताबेन मीठालाल जैन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का कुछ अंधविश्वास विरोधी संगठनों ने विरोध भी किया था। इन समूहों ने शुक्रवार को पुलिस को ज्ञापन सौंपकर कार्यक्रम की अनुमति नहीं देने का अनुरोध किया था।












Click it and Unblock the Notifications