अब 3 घंटे से अधिक की देरी होने पर फ्लाइट होगी कैंसिल! जानें DGCA की नई SOP
DGCA Airlines SOP: राजधानी दिल्ली से लेकर पूरा उत्तर भारत घने कोहरे की चपेट में है। कोहरे का असर ट्रेन से लेकर फ्लाइट पर भी हो रहा है। कोहरे के कारण कम दृश्यता के चलते उड़ानें कई घंटों की देरी से संचालित हो रही है। ऐसे में पैसेंजर की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एयरलाइंस कंपनियों को एसओपी जारी की है।
कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ान व्यवस्था पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गई है। आलम यह है कि फ्लाइट पांच से सात घंटे की देरी से उड़ रही हैं। यहां तक की कई फ्लाइटें तो रद्द करनी पड़ी हैं, जबकि कुछ उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा रहा है। इस बीच विमानन नियामक डीजीसीए की ओर से एयरलाइनों को एसओपी जारी की गई है।

डीजीसीए ने एयरलाइंस से हवाईअड्डों पर कर्मचारियों को उचित रूप से संवेदनशील बनाने और यात्रियों को उड़ान में देरी के बारे में सूचित करने के लिए कहा है। एसओपी के मुताबिक एयरलाइंस को अपनी उड़ानों की देरी के बारे में सटीक वास्तविक समय की जानकारी प्रकाशित करने की आवश्यकता होगी, जिसे एयरलाइन की संबंधित वेबसाइट पर प्रकाशित किया जाएगा।
फ्लाइट्स का अपडेट देना जरूरी
वहीं प्रभावित यात्रियों को एसएमएस/व्हाट्सएप और ईमेल के माध्यम से अग्रिम सूचना दी जाएगी, उड़ान में देरी के बारे में अपडेट जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। एयरपोर्ट्स पर प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों और उड़ान में देरी के बारे में यात्रियों के साथ उचित रूप से संवाद करने और लगातार मार्गदर्शन करने और सूचित करने के लिए हवाईअड्डों पर एयरलाइन कर्मचारियों को उचित रूप से जागरूक करने के लिए कहा है।
फ्लाइट रद्द करेगी एयरलाइंस?
मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कहा कि एयरलाइंस उन उड़ानों को पर्याप्त समय पहले रद्द कर सकती हैं, जिनमें 3 घंटे से अधिक की देरी होने की संभावना है।
डीजीसीए ने कहा," कोहरे के मौसम और प्रतिकूल मौसम की स्थिति को देखते हुए एयरलाइंस ऐसी उड़ानों को पर्याप्त समय से पहले रद्द कर सकती हैं, जिनमें भीड़भाड़ को कम करने की दृष्टि से ऐसी स्थितियों के कारण 3 घंटे की अवधि से अधिक देरी होने या परिणामस्वरूप देरी होने की आशंका है।"












Click it and Unblock the Notifications