DGCA से अनुमति के बाद फिर से उड़ान भरेंगी जेट एयरवेज की फ्लाइट, 2019 में दिवालिया हो गई थी कंपनी
नई दिल्ली, मई 20। एयरलाइंस जेट एयरवेज की फ्लाइट एकबार फिर से उड़ने के लिए तैयार हैं। दरअसल, शुक्रवार को DGCA ने जेट एयरवेज को एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट यानि AOC जारी कर दी, जिसके बाद जेट एयरवेज की फ्लाइट अब आधिकारिक रूप से उड़ने लगेंगी। आपको बता दें कि जेट एयरवेज की उड़ान अभी तक इसलिए बंद थी, क्योंकि कंपनी वित्तीय संकट से जूझ रही थी।

सितंबर तक शुरू होंगी फ्लाइट
DGCA से एओसी मिलने के बाद जेट एयरवेज को नया मैनेजमेंट, नए फाइनेंशर और नए मालिक मिले हैं। इसको देखते ही DGCA ने एओसी जारी की है। अब कंपनी भारत में अपने कमर्शियल संचालन को फिर से चालू कर पाएगी। जेट एयरवेज की ओर से एक बयान जारी कर कहा गया है कि कंपनी का इरादा इस साल की अगली तिमाही (जुलाई-सितंबर 2022) में कमर्शियल फ्लाइट शुरू करने का है।
आपको बता दें कि जेट एयरवेज को एओसी मिलने की प्रक्रिया एक व्यापक नियामक और अनुपालन प्रक्रिया का अंतिम चरण था, जिसमें एयरलाइन की परिचालन तत्परता के लिए कई प्रक्रियात्मक जांच की प्रक्रिया शामिल थी। यह प्रक्रिया 15 मई 2022 और 17 मई 2022 के बीच कई उड़ानों पर देखी गई।
डीजीसीए से एओसी मिलने के बाद एयरलाइन की ओर से एक बयान आया है, जिसमें कहा गया है कि आज का दिन न केवल जेट एयरवेज के लिए, बल्कि भारतीय विमानन उद्योग के लिए भी एक नई सुबह का प्रतीक है। अब हम भारत की सबसे पसंदीदा एयरलाइन को फिर से आसमान पर लाकर इतिहास रचने की कगार पर हैं। हम जेट एयरवेज ब्रांड से न केवल बड़ी उम्मीदों पर खरे उतरेंगे, बल्कि आज के समझदार यात्रियों के लिए कई मायनों में उनसे आगे निकल जाएंगे।
2019 में दिवालिया हो गई थी कंपनी
आपको बता दें कि बीते पांच मई को जेट एयरवेज ने हैदराबाद से दिल्ली के लिए आखिरी उड़ान भरी थी। यह उड़ान पूरे तीन साल बाद भरी गई थी, क्योंकि 2019 में कंपनी दिवालिया होने के चलते बंद हो गई थी। आधिकारिक दस्तावेज के मुताबिक, वर्तमान में जेट एयरवेज का प्रमोटर जालान-कोलरॉक संघ है। पहले इसके मालिक नरेश गोयल थे। जेट एयरवेज के विमान ने 17 अप्रैल 2019 को अपनी अंतिम उड़ान भरी थी।












Click it and Unblock the Notifications