सीएम उद्धव ठाकरे से मिले देवेंद्र फडणवीस, 'निसर्ग' प्रभावित लोगों की सहायता के लिए की ये मांग
निसर्ग प्रभावित लोगों की सहायता को लेकर CM उद्धव से मिले देवेंद्र फडणवीस
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में आए चक्रवाती तूफान निसर्ग से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए आज (13 जून) पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सीएम उद्धव ठाकरे को एक ज्ञापन सौंपा है। फडणवीस के साथ उनका एक प्रतिनिधिमंडल भी सीएम उद्धव से मिलने शिवाजी पार्क स्थित बालासाहेब ठाकरे मेमोरियल पहुंचा। मुलाकात के बाद देवेंद्र फडणवीस ने कहा, मैंने और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेताओं ने निसर्ग प्रभावित कोंकण क्षेत्र का दौरा किया जहां लोगों को तत्काल सहायता की आवश्यकता है। मैंने मुख्यमंत्री को वहां के हालात के बारे में अवगत कराया है।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र और गुजरात में जून महीने की शुरूआत में चक्रवाती समुद्री तूफान निर्सग ने तांडव मचाया था, इस दौरान कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ने के साथ-साथ जानमाल के नुकसान की भी खबरें सामने आई थी। तूफान के गुजर जाने के बाद चारों तरफ सिर्फ तबाही के निशान ही रह गए, कोरोना वायरस संकट से जूझ रहे महाराष्ट्र को निसर्ग का भी सामना करना पड़ा जिससे उद्धव सरकार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शनिवार को इसी सिलसिले में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने सीएम उद्धव ठाकरे से उनके आवास पर मुलाकात की और उनसे तूफाने से प्रभावित लोगों की मदद की अपील की।
इस दौरान पूर्व सीएम और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा, मैंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वे निसर्ग प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान करें और बागवानी और मछुआरों के ऋण माफ कर दें। हमने वहां पर्यटन क्षेत्र से संबंधित अपनी मांगों को भी रखा है। यहां तक कि कई इलाकों में अभी बिजली भी बहाल नहीं की गई है जिसे जल्द से जल्द किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, बागवानी उद्योग वालों को बहुत नुकसान हुआ है और उन्हें सरकार की तरफ से उपलब्ध सहायता नाकाफी है।
कोरोना टेस्टिंग को लेकर सवाल उठाए
मालूम हो कि देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है, अकेले इस राज्य में ही संक्रमित लोगों की संख्या एक लाख के आंकड़े को पार कर गया है। इस बीच देवेंद्र फडणवीस ने एक बार फिर कोरोना टेस्टिंग को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, महाराष्ट्र में कोरोना के लिए प्रति दिन 38000 नमूनों का परीक्षण करने की क्षमता है लेकिन केवल 14000 परीक्षण किए जाते हैं। मुंबई में प्रति दिन 12000 नमूनों का परीक्षण करने की क्षमता है लेकिन केवल 4000 परीक्षण होते हैं। कम संख्या में नमूनों का परीक्षण करके सरकार मामलों की संख्या कम रखने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के पूर्व पीएम यूसुफ गिलानी को भी हुआ कोरोना, बेटे कासिम ने इमरान को बताया जिम्मेदार, कहा-Thanku












Click it and Unblock the Notifications