Demonetisation Anniversary: कांग्रेस-भाजपा के बीच रस्साकस्सी की तैयारी पूरी
नोटबंदी को 8 नवंबर को एक साल पूरे हो जाएंगे। नोटबंदी की पहली सालगिरह के मौके पर मोदी सरकार देशभर में इसके लाभ को दो दिनों तक लोगों के बीच लाएगी।
नई दिल्ली। नोटबंदी को 8 नवंबर को एक साल पूरे हो जाएंगे। नोटबंदी की पहली सालगिरह के मौके पर मोदी सरकार देशभर में इसके लाभ को दो दिनों तक लोगों के बीच लाएगी। सरकार तमाम कार्यक्रमों के जरिए कालाधन पर रोक लगाने के लिए किस तरह से नोटबंदी सहायक साबित हुई इस बात के बारे में लोगों को जानकारी देगी। भारतीय जनता पार्टी नोटबंदी की पहली सालगिरह को एंटी ब्लैक डे के रूप में मनाएगी, जबकि कांग्रेस ने इस दिन को ब्लैक डे मनाने का ऐलान किया है।

नोटबंदी की पहली सालगिरह के मौके पर भारतीय जनता पार्टी के तमाम नेता अलग-अलग शहरों में मीडिया से बातचीत करेंगे, जिसमें कई मंत्री, सांसद, विधायक शामिल होंगे। सूत्रों की मानें तो किस तरह से नोटबंदी ने कालाधन पर रोक लगाई इस पर चर्चा की जाएगी। वित्त मंत्री अरुण जेटली इस दौरान देश की राजधानी में तमाम पत्रकारों से बातचीत करेंगे। वहीं कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद व बिहार के उपमुख्यंमत्री सुशील मोदी भोपाल व पटना में नोटबंदी पर बात करेंगे।
8 नवंबर को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अनंद कुमार, निर्मला सीतारमण, मुख्तार अब्बास नकवी, सुरेश प्रभु, स्मृति ईरानी मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई, चंडीगढ़, जयपुर, लखनऊ में नोटबंदी पर बात करेंगे। प्रकाश जावड़ेकर बेंगलुरू में मीडिया से बात करेंगे तो पीयूष गोयल अहमदाबाद में इस मौके पर लोगों से बात करेंगे। केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह इस दिन गुजरात के अहमदाबाद में होंगे। नोटबंदी की सालगिरह पर मोदी सरकार और कांग्रेस एक दूसरे के सामने होगी। कांग्रेस ने भी पूरे देश में नोटबंदी को विफल बताने के लिए कार्यक्रम करेगी।
इसे भी पढ़ें- हाथ पकडक़र नहीं, कमल का फूल लेकर लक्ष्मी आती है: स्मृति ईरानी












Click it and Unblock the Notifications