परिसीमन बिल पर मोदी सरकार को 371 सांसदों का साथ मिलने का दावा! बहुमत के आंकड़े से काफी आगे, समझिए गणित
परिसीमन बिल पर संसद में इस बार मुकाबला दिलचस्प होने वाला है। अप्रैल में संविधान संशोधन का पुराना प्रस्ताव लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई समर्थन नहीं जुटा पाया था, लेकिन अब मोदी सरकार को नए बिल पर बड़ी जीत की उम्मीद है। सरकारी सूत्रों का दावा है कि कम से कम 371 सांसद बिल के पक्ष में वोट कर सकते हैं। यह संख्या दो-तिहाई बहुमत के लिए बताए जा रहे 356 के आंकड़े से 15 ज्यादा है।
सरकार को इस बार डीएमके और शरद पवार की NCP (SP) जैसे दलों का साथ मिलने की उम्मीद है। इन पार्टियों का कांग्रेस के रुख से अलग जाना विपक्षी खेमे के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। हालांकि 371 वोट का आंकड़ा अभी सरकारी सूत्रों के जरिए दावा किया जा रहा है।

71 वोट का दावा, सरकार को कितना फायदा?
संविधान संशोधन बिल पास कराने के लिए लोकसभा और राज्यसभा, दोनों में मौजूद और वोट करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होती है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा में फिलहाल तीन सीटें खाली हैं और कुछ सांसद अहम वोटिंग में शामिल नहीं हो सकते।
टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी निलंबित हैं। अमृतपाल सिंह जेल में हैं। कांग्रेस सांसद और कन्नूर से लोकसभा सदस्य के सुधाकरन यूएई के अस्पताल में आईसीयू में भर्ती बताए गए हैं। वहीं, शनिवार को सड़क हादसे में घायल हुईं बीजेपी सांसद लक्ष्मी वर्मा की मौजूदगी पर भी अनिश्चितता है।
ऐसे में सरकार का दावा है कि 371 सांसदों का समर्थन उसे पर्याप्त बढ़त देगा। लोकसभा अध्यक्ष केवल वोट बराबर होने की स्थिति में निर्णायक वोट डालते हैं। सरकारी सूत्रों का कहना है कि डीएमके और एनसीपी (एसपी) के समर्थन से सदन का वोट गणित बदला है। सूत्रों के मुताबिक, डीएमके और दूसरे विपक्षी सांसदों को 50 फीसदी सीटें बढ़ाने का प्रावधान संशोधन में शामिल करने का भरोसा दिया गया। इसके बाद अप्रैल में बिल पर जताई गई आपत्तियां दूर हुईं और कुछ सांसद समर्थन के लिए तैयार हुए।
30 नवंबर से संसद में तीन बिलों पर होगी चर्चा
संसद की विशेष बैठक 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक चलेगी। लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से शुरू होकर 3 दिसंबर तक चलेगी। राज्यसभा 2 दिसंबर को बैठेगी और 3 दिसंबर तक कामकाज होगा। तकनीकी तौर पर यह नया सत्र नहीं है। मानसून सत्र 13 अगस्त को स्थगित हुआ था, लेकिन राष्ट्रपति ने उसे सत्रावसान नहीं किया था। इसी वजह से दोनों सदनों की बैठक कम समय के नोटिस पर दोबारा बुलाई जा सकी।
तीन बिलों में क्या बदलना चाहती है सरकार?
कैबिनेट ने तीन विधेयकों को मंजूरी दी है। पहला है संविधान का 132वां संशोधन विधेयक। इसमें सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लोकसभा सीटें 50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव है। इससे लोकसभा की अधिकतम संवैधानिक क्षमता 850 हो सकती है। इसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें प्रस्तावित हैं।
इस प्रस्ताव में राज्यों के बीच मौजूदा सीट अनुपात को 2051 के बाद होने वाली पहली जनगणना तक बनाए रखने की बात भी है। सरकार का कहना है कि इससे दक्षिणी राज्यों की प्रतिनिधित्व घटने की चिंता दूर होगी। साथ ही अनुच्छेद 334ए में बदलाव कर परिसीमन के तुरंत बाद लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का रास्ता बनाने का प्रस्ताव है। इसमें एससी-एसटी महिलाओं का कोटा भी शामिल होगा। सरकार इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करना चाहती है।
दूसरा, परिसीमन (दूसरा) विधेयक है। इसके जरिए सीटें बढ़ने के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने के लिए परिसीमन आयोग का कानूनी ढांचा बनाया जाएगा। तीसरा केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक है। इसमें दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभा व्यवस्था को नई सीटों और महिला आरक्षण के प्रावधानों के मुताबिक ढालने का प्रस्ताव है।




Click it and Unblock the Notifications
