दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ओवर स्पीड की 1.5 लाख चालान लेगी वापस, ये है वजह
नई

ये चालान एनएच 24 में निजामुद्दीन ब्रिज और दिल्ली-यूपी सीमा पर स्थित गाजीपुर के बीच काटे गए
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रैफिक पुलिस में ज्वाइंट कमिश्नर स्तर के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अगस्त और 10 अक्तूबर के बीच ढाई महीने के बीच काटे गए डेढ़ लाख चालान वापस ले रही है। इनमें से ज्यादातर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 24 पर गति सीमा के उल्लंघन से संबंधित हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि, ये चालान एनएच 24 में निजामुद्दीन ब्रिज और दिल्ली-यूपी सीमा पर स्थित गाजीपुर के बीच काटे गए थे।

इसलिए वापस लिए जा रहे हैं चालान
दिल्ली पुलिस की ओर से वापस लिए गए इन चालानों के बारे में एक अधिकारी ने बताया कि, इन चालान को वापस लेने का कारण यह है कि पीडब्ल्यूडी विभाग ने एक साइनबोर्ड लगाया था जिस पर गति सीमा 70 किमी प्रति घंटा लिखा था। जबकि चालान एनएच पर 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से वाहन चलाने पर काटे गए। बहुत सारी शिकायत मिलने के बाद हमने चालान वापस लेने का फैसला किया।

पीडब्ल्यूडी ने साइनबोर्ड बदलने से किया इंकार
एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, ट्रैफिक पुलिस ने पीडब्ल्यूडी से कहा कि वे साइनबोर्ड को बदल कर 60 किमी प्रति घंटा कर दें, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया। पुलिस ने बताया कि अब हाईवे पर लगे कैमरों में उच्च गति सीमा को 70 किमी प्रति घंटा कर दिया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, दरअसल निर्धारित गति से ऊपर यानी 60 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से ऊपर जो वाहन हाईवे पर हमारे कैमरों ने पकड़े, उन सबको ई-चालान भेजे जा रहे थे। पुलिस के आला अधिकारी के मुताबिक, इन चालान को वापस लेने का एक कारण यह भी हो सकता है कि कुछ वाहन चालकों ने कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर करने का मन बना लिया था।












Click it and Unblock the Notifications