दिल्ली सीलमपुर हिंसा: प्रदर्शन की योजना और समय पहले से तय था?
नई

विरोध प्रदर्शन पहले से तय था?
पूर्वी दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाके सीलमपुर के जाफराबाद में मंगलवार को हुआ हिंसक विरोध प्रदर्शन सामान्य नहीं था। दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक नागरिकता (संशोधन) कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन पहले से ही तय था और भीड़ 1.15 के आसपास से जुटनी शुरू हो गई थी। जानकारी के मुताबिक प्रदर्शन के लिए 2 बजे का समय तय किया था और उसे पूरी रिपोर्ट आने का इंतजार है। गृहमंत्रालय सूत्रों के मुताबिक योजना नए नागरिकता कानून के समर्थन और विरोध दोनों की थी। पुलिस सूत्रों ने बताया है कि प्रदर्शनकारी करीब एक घंटे तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन जैसे ही उन्हें हटाने की कोशिश शुरू की गई वे हिंसक हो उठे।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वालों को पीटा
यहां शुरू में पुलिसकर्मियों के मुकाबले प्रदर्शनकारियों की तादाद बहुत ज्यादा थी। इस दौरान कई पुलिस वाले उग्र भीड़ के हत्थे चढ़ गए और उन्हें दौड़ाकर पीटा। उपद्रवियों ने डीटीसी की एक बस और एक प्राइवेट बस में तोड़फोड़ की और उन्होंने पुलिस पोस्ट को भी तबाह कर दिया। बता दें कि यहां पहले प्रदर्शनकारी पुलिस वापस जाओ के नारे लगा रहे थे। मीडिया वालों से भी जाने के लिए कहा जा रहा था। जानकारी के मुताबिक वहां सड़कों पर ईंटें और पत्थर भरे हुए थे, इसलिए भारी तादाद में सुरक्षा बलों की आवश्यकता थी। जाफराबाद में तंग गलियों की वजह से पुलिस फंस गई थी और उन्हें समझ में नहीं आ रहा था कि उससे बाहर कहां से निकलें। बाद में एक कंपनी अतिरिक्त पुलिस पुलिसकर्मियों को बुलाया गया।

हालात अब नियंत्रण में - दिल्ली पुलिस
हालांकि बाद में दिल्ली पुलिस ने सीलमपुर में हालात काबू में होने की बात कही है। दिल्ली पुलिस के पीआरओ एमएस रंधावा ने कहा है कि हालात अब नियंत्रण में है। जिस जगह घटना हुई उस जगह के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। बवाल के दौरान सीलमपुर समेत 7 मेट्रो स्टेशन में एंट्री-एग्जिट बंद किए गए थे, लेकिन बाद में सीलमपुर समेत सभी मेट्रो स्टेशन में यात्रियों की आवाजाही के लिए गेट खोल दिए गए। इस वारदात के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा है, 'मैं दिल्ली के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। सभ्य समाज में किसी तरह की हिंसा सहन नहीं की जाएगी। हिंसा से कुछ भी हासिल नहीं होगा। अपने विचार शांतिपूर्ण तरीके से रखें।'












Click it and Unblock the Notifications