Delhi Rain Today: दिल्ली-NCR में कब तक होगी बारिश? मौसम विभाग ने येलो अलर्ट किया जारी
Delhi Rain Today: दिल्ली में शुक्रवार (27 दिसंबर) सुबह से लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई हिस्सों में गंभीर जलभराव और यातायात जाम हो गया। दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश की वजह से ठंड और शीतलरहर का प्रकोप बढ़ गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली एनसीआर के इलाकों में आज शनिवार (28 दिसंबर) को भी बारिश की चेतावनी दी है।
दिल्ली के कई इलाकों में आज सुबह हल्की बूंदा-बांदी शुरू हो गई है। आईएमडी ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें शनिवार और रविवार को राजधानी, नोएडा, गुरुग्राम और एनसीआर क्षेत्र के अन्य स्थानों पर और बारिश होने का अनुमान जताया गया है। यानी दिल्ली में इस वीकेंड आपको बारिश देखने को मिलेगी। आईएमडी ने शीतलहर को लेकर भी अलर्ट जारी किया है।

Delhi Weather Forecast: दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
आईएमडी के मुताबिक दिल्ली के अधिकांश इलाकों में धुंध या हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। शनिवार सुबह मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने रुक-रुक कर बारिश के साथ आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहने का भी अनुमान लगाया है।
अपडेट के मुताबिक दोपहर तक हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है, उसके बाद बादल छाए रहने की उम्मीद है। आईएमडी ने शनिवार शाम को भी हल्का कोहरा या धुंध छाए रहने का अनुमान लगाया है।
Delhi Rain records: दिल्ली में दिसंबर में सबसे ज्यादा बारिश, 27 सालों का रिकॉर्ड टूटा
27 दिसंबर को दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में लगातार बारिश जारी रही है। दिल्ली में पिछले 27 सालों का रिकॉर्ड टूट गया है। दिल्ली में दिसंबर में सबसे ज्यादा बारिश हुई है।
27 दिसंबर दिन के अंत तक, शहर में इस महीने 42.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे यह दिल्ली के रिकॉर्ड किए गए इतिहास में पांचवां सबसे गीला दिसंबर बन गया। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक 1997 के बाद से या 27 वर्षों में सबसे अधिक बारिश वाला दिसंबर बन गया।
पूर्वी हवाओं के साथ सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई बारिश ने दिसंबर की सामान्य शुष्क ठंड को असामान्य बना दिया।
दिल्ली की प्राथमिक मौसम वेधशाला सफदरजंग ने शुक्रवार को सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच सिर्फ नौ घंटों में 30.2 मिमी बारिश दर्ज की। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक यह पांच साल में एक दिन में सबसे ज्यादा बारिश रही। आईएमडी के रिकॉर्ड के मुताबिक 13 दिसंबर, 2019 को शहर में 33.5 मिमी बारिश हुई थी।
अन्य मौसम केंद्रों ने भी पूरे दिन इसी तरह लगातार बारिश दर्ज की। पूसा में सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच 35 मिमी बारिश दर्ज की गई, दिल्ली विश्वविद्यालय में 39 मिमी, लोधी रोड में 34.2 मिमी, रिज में 33.4 मिमी, जबकि पालम में 31.4 मिमी और आयानगर में 18.1 मिमी बारिश दर्ज की गई।












Click it and Unblock the Notifications