दिल्ली पुलिस ने वीडियो शेयर कर 'सचिव जी' को दी शाबाशी! लोगों ने कहा कटना चाहिए चालान, जानिए क्या है मामला
Delhi Police: प्राइम वीडियो की हिट सीरीज पंचायत का तीसरा सीजन दो दिन पहले ही यानी की 28 मई को रिलीज हुआ है। सीरीज के तीसरे सीजन का इंतजार लोग बेसब्री से कर रहे थे। पंचायत का सीजन 3 लोगों का मनोरंजन भी खूब कर रहा है।
लोग सोशल मीडिया पर इसके वीडियो क्लिप्स और मीम शेयर कर रहे हैं। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने भी पंचायत के एक सीन को शेयर करके एक खास संदेश देने की कोशिश की है।

दिल्ली पुलिस द्वारा शेयर इस वीडियो के जरिए ड्रिंक एंड ड्राइव से बचने की सलाह दी गई है। इसके जरिए दिल्ली पुलिस ने लोगों से शराब पीकर गाड़ी ना चलाने की अपील की है। साथ ही साथ दिल्ली पुलिस ने वीडियो शेयर करते हुए सचिव जी की तारीफ भी की है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, "शाबाश! सचिव जी... बहुत अच्छा किए।"
दरअसल, ये वीडियो क्लिप पंचायत सीजन 3 के तीसरे एपिसोड का है। मेडिकल इमरजेंसी होने के कारण रात को सीरीज के एक किरदार को गाड़ी की जरुरत पड़ती है। ऐसे में सचिव जी और उप प्रधान प्रह्लाद ऑटो वाले के घर जाते हैं और उससे मरीज को फकौली बाजार जहां अस्पताल है, लेकर चलने कहते हैं। ऑटो वाला बताता है कि उसने शराब पी रखी है। इसपर प्रह्लाद कहते हैं कि 'अरे सचिव जी हम चला लेंगे।' गौर करने वाली बात ये है कि प्रह्लाद ने भी शराब पी हुई होती है।
इसपर सचिव अभिषेक त्रिपाठी प्रह्लाद से पुछते हैं कि आपने कितनी पी रखी है? उसके बाद वो खुद ऑटो चलाने का फैसला करते हैं और ऑटो चला कर मरीज को अस्पताल तक ले जाते हैं। दिल्ली पुलिस द्वारा शेयर किए गए इस सीन के लास्ट में स्क्रीन पर एक टेक्स्ट लिखा आता है, 'इमरजेंसी चाहे कितनी भी हो... शराब पीकर गाड़ी ना चलाएं और ना ही चलाने दें।'
दिल्ली पुलिस का जागरूकता फैलाने का यह अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है। यूजर्स भी इस पोस्ट पर पंचायत के डायलॉग के जरिए ही प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट में लिखा, 'देख रहा है बिनोद कैसे जागरूकता फैलाया जा रहा है।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'देख रहे हो न बिनोद, कैसे नो ड्रिंक एंड ड्राइव कैंपेन किया जा रहा है।'
वहीं कुछ लोग इस पोस्ट की आलोचना भी कर रहे हैं। एक यूजर ने इस सीन की गलतियां बताते हुए लिखा, 'इसमें शाबाशी की क्या बात है? वो बिना ड्राइविंग लाइसेंस के चला रहा और ऑन ऑफ करना तक नहीं आता। मतलब इंसान पिया ना हो तो बिना डीएल के भी चला सकता है?' एक अन्य यूजर ने कहा, 'सचिव जी के पास लाइसेंस नहीं है। कितने का चालान कटेगा?'












Click it and Unblock the Notifications