कार रोकी...किडनैप किया, फिर वसूले 1.5 लाख, दिल्ली पुलिस का चौंकाने वाला कारनामा
Delhi police: राजधानी दिल्ली में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली पुलिस के तीन पुलिसकर्मियों ने एक शख्स को किडनैप कर लिया। इसके बाद उस शख्स को पुलिस चौकी में ले जाकर उसके साथ मारपीट की और झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी दी। जिसके एवज में पीड़ित से करीब डेढ़ लाख रुपए की रकम ऐंठ ली। अब दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है।

घटना 11 अक्टूबर की रात की है। पीड़ित सेल्स टैक्स एजेंट अपनी कार से घर लौट रहे थे। जब वह शाहदरा फ्लाईओवर से नीचे उतरे तो एक सफेद रंग की ब्रीजा कार ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। उसमें तीन लोग सवार थे। नीचे उतरते ही तीनों ने उनकी पिटाई कर अपनी कार की पिछली सीट पर बैठा लिया। आरोपियों ने पीड़ित को बताया कि वे क्राइम ब्रांच से हैं। जिसके बाद एक पुलिस कर्मी ने पीड़ित की छाती पर पिस्टल लगाकर उसकी जेब में रखे 35 हजार रुपये निकाल लिये।
इसके बाद आरोपी पुलिसकर्मियों ने उनसे 5 लाख रुपए की डिमांड की। रुपये न देने पर उसे गलत केसों में फंसाकर जेल में बंद करने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित को शाहदरा जिले के स्पेशल स्टाफ के दफ्तर लेकर गए। स्पेशल स्टॉफ के दफ्तर में किसी से मुलाकात करने के बाद पीड़ित को फिर से कार में बैठा लिया। जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने मेडिकल कराने की बात कर पीड़ित को जीटीबी अस्पताल की ओर ले गए।
इसके बाद पुलिसकर्मी ने उसे जमकर डराया धमकाया। पीड़ित ने जब उन्हें पैसे देने के लिए कहा तो वे उसे उसके घर लेकर पहुंचे। वहां आरोपियों को 50 हजार रुपये दिए। इसके बाद पीड़ित ने करीब 70 हजार रुपए अपने दोस्त से गौरव उर्फ अन्ना नामक बदमाश की पत्नी के खाते में ट्रांसफर करवाए। पैसे मिलने के बाद पुलिसकर्मियों ने पीड़ित को छोड़ दिया।
पीड़ित सेल्स टैक्स एजेंट परिवार के साथ जीटीबी एनक्लेव में रहता है। वह आईटीओ स्थित दफ्तर में सेल्स टैक्स एजेंट हैं। घर पहुंचे पीड़ित ने बाद में इस मामले की शिकायत जीटीबी एनक्लेव थाने में मामला दर्ज कराई। शिकायत जब पुलिस के पास पहुंची तो अधिकारियों के हाथ-पैर फुल गए। जांच शुरू की गई। पुलिस ने इस मामले में सीमापुरी थाने में तैनात दो सिपाही संदीप और रॉबि और एक अन्य वाहिद को गिरफ्तार किया है।
दिल्ली पुलिस के ही एक अन्य सिपाही अमित और सीमापुरी के एक बदमाश गौरव उर्फ अन्ना की पुलिस को तलाश है। जांच के दौरान पता चला कि इस पूरी साजिश को छठी बटालियन में तैनात सिपाही अमित ने रचा था। वाहिद की कार का इस्तेमाल हुआ। वहीं गौरव भी इस वारदात में शामिल हुआ। इस मामले में एक सब इंस्पेक्टर के शामिल होने की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications