चाइल्ड पोर्नोग्राफी मामले में दिल्ली पुलिस ने ट्विटर को भेजा नोटिस, कंपनी ने दिया ये जवाब
नई दिल्ली, 30 जून। माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं, अब दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने बच्चों की अश्लील फोटो शेयर करने के मामले में ट्विटर को नोटिस भेजा है। दिल्ली पुलिस ने ट्विटर से उन माइक्रोब्लॉगिंग अकाउंट्स की जानकारी मांगी है जिससे चाइल्ड पोर्नोग्राफी की सामग्री साझा की गई। आपको बता दें कि दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को ट्विटर के खिलाफ प्लेटफॉर्म पर बाल यौन शोषण और चाइल्ड पोर्नोग्राफी के कंटेंट की मौजूदगी को लेकर मामला दर्ज किया था।

दिल्ली में ट्विटर के खिलाफ यह मुकदमा तब दर्ज किया गया जब राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने पुलिस को जानकारी दी कि उन्हें नाबालिग लड़की के खिलाफ ऑनलाइन धमकियों के बारे में शिकायत मिली है। इसके अलावा ट्विटर पर कुछ अश्लील पोस्ट मिलने की भी शिकायत की गई थी। दिल्ली पुलिस ने अपने एक बयान में बताया कि मामले की जांच शुरू की जा चुकी है। इस बीच ट्विटर ने पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बाल यौन शोषण के लिए उसकी जीरो टॉलरेंस की नीति है। हम ट्विटर के नियमों का उल्लंघन करने वाली सामग्री का सक्रिय रूप से पता लगाने और हटाने की दिशा में काम करना जारी रखेंगे और इस मुद्दे से निपटने के लिए भारत में कानून प्रवर्तन और एनजीओ भागीदारों के साथ काम करेंगे।
यह भी पढ़ें: रविशंकर प्रसाद और शशि थरूर के अकाउंट ब्लॉक होने पर संसदीय समिति सख्त, ट्विटर से मांगा लिखित जवाब
भोपाल में भी ट्विटर पर केस दर्ज
बता दें कि ट्विटर पर बाल यौन शोषण के अलावा भोपाल में भारत का गलत नक्शा दिखाने के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मंगलवार को भोपाल साइबर सेल ने भारत का गलत नक्शा पेश करने के मामले में ट्विटर इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर मनीष माहेश्वरी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 505 के तहत FIR दर्ज की। इससे पहले सोमवार को उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर पुलिस ने इसी मामले में 'ट्विटर इंडिया' के दो वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज की थी। बजरंग दल के एक पदाधिकारी की शिकायत के आधार पर खुर्जा नगर पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया। वर्ल्ड मैप में केन्द्र शासित प्रदेश लद्दाख और जम्मू-कश्मीर को भारत के नक्शे से बाहर दिखाया गया था, जिसको लेकर सोमवार को सोशल मीडिया पर कई लोगों ने विरोध व्यक्त किया था।












Click it and Unblock the Notifications