शीतलहर की चपेट में दिल्ली सहित उत्तर भारत, अगले 2-3 दिन तक जारी रहेगा सर्दी का सितम
देश की राजधानी दिल्ली सहित पूरा उत्तर भारत पिछले 5 दिनों से कड़ाके की ठंड की चपेट में है।
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली सहित पूरा उत्तर भारत पिछले 5 दिनों से कड़ाके की ठंड की चपेट में है। दिल्ली में जहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, तो वहीं दिन का तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस ने नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है, जो सामान्य से 3-4 डिग्री कम है। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल अगले दो-तीन दिन तक सर्दी का सितम जारी रहेगा। पहाड़ों पर इस समय भारी बर्फबारी हो रही है, जिसके चलते बर्फीली हवाएं मैदानी इलाकों को कंपा रही हैं। वहीं, शुक्रवार को राजस्थान के चूरू में तापमान शून्य से भी नीचे पहुंच गया।

मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया, 'अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। देश के मध्य भागों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर सकता है। इसके अलावा पूर्वी भारत में भी तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस नीचे बना रहेगा। साथ ही अगले दो दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के भी आसार बन रहे हैं, जिससे ठंड में इजाफा होगा।'
चूरू सहित कुछ इलाकों में पाला पड़ने के भी आसार
वहीं, स्काईमेट वेदर की खबर के मुताबिक, इससे पहले बीते गुरुवार यानी 17 दिसंबर को दिल्ली में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया, जब दिन का अधिकतम तापमान 16 डिग्री से नीचे पहुंच गया। पालम स्थित ऑब्जर्वेटरी में गुरुवार को 13.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक ऐसी स्थिति गंभीर ठंड के दिनों में आती है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में राजस्थान के चूरू सहित हरियाणा और पंजाब के कुछ इलाकों में पाला पड़ने के भी आसार हैं।












Click it and Unblock the Notifications