CAA: जामिया छात्रों के मार्च को पुलिस ने रोका, प्रोक्टर ने की वापस लौटने की अपील
नई दिल्ली। दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से शुरू हुए मार्च को पुलिस ने कुछ दूर चलने के बाद रोक दिया। जामिया कोर्डिनेशन कमेटी ने जामिया से संसद भवन तक मार्च का आह्वान किया है। करीब 1 बजे छात्रों और कमेटी के लोगों ने मार्च शुरू किया, जिसे पुलिस ने होली फैमिली अस्पताल पर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों में टकराव भी देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्हें संसद तक जाने दिया जाए लेकिन पुलिस का कहना है कि इसकी इजाजत नहीं है।

जामिया इस्लामिया के चीफ प्रोक्टर वसीम अहमद ने छात्रों से वापस लौटने की अपील की है। अहमद ने कहा है कि पुलिस और छात्र, दोनों से मेरी अपील है वो स्थिति को बिगड़ने से बचाएं। छात्रों से मेरी गुजारिश है कि वो कैंपस में लौट आएं। सोमवार को संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के खिलाफ जामिया मिलिया इस्लामिया के छात्रों और पूर्व छात्रों के संगठन 'जामिया कोर्डिनेशन कमेटी' (जेसीसी) ने ये मार्च बुलाया है।
जामिया मिलिया इस्लामिया पर 15 दिसंबर से नागिरकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन चल रहा है। इस दौरान कई बार छात्रों का मार्च निकालने को लेकर पुलिस से टकराव भी हो चुका है। सोमवार को ही कुछ अन्य संगठनों और आम लोगों ने सीएए के खिलाफ मंडी हाउस से संसद तक मार्च का आह्वान किया है। लोग मार्च निकालते हुए मंडी हाउस से जंतर मंतर पहुंचे, जहां पुलिस ने उनको रोक दिया।












Click it and Unblock the Notifications