दिल्ली कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको का इस्तीफा, बोले- आप के पास चला गया हमारा सारा वोटबैंक
नई दिल्ली। दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी पीसी चाको ने पद से इस्तीफा दे दिया है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के एक भी सीट ना जीत पाने के बाद चाको ने अपना पद छोड़ा है। प्रभारी पद से इस्तीफा देते हुए चाको ने कहा, 2013 में शीला दीक्षित जब सीएम थीं, तभी से कांग्रेस की स्थिति खराब होने लगी थी जो 2020 तक लगातार जारी है। कांग्रेस का सारा वोटबैंक आम आदमी पार्टी के पास चला गया है। जब तक ये आम आदमी पार्टी के साथ जुड़ा रहेगा, तब तक कांग्रेस नहीं आगे बढ़ पाएगी। हालांकि शीला दीक्षित पर बयान को लेकर चाको ने कहा कि मैंने उन्हें जिम्मेदार नहीं कहा है। 2013 ही नहीं, हम 2014, 2015, 2017, 19 और अब 20 में भी हारे हैं।

दिल्ली की 70 में से 62 सीट आम आदमी पार्टी ने और 8 भाजपा ने जीती हैं। कांग्रेस दिल्ली की 70 सीटों पर हुए चुनाव में कोई सीट नहीं जीत सकी है। किसी भी सीट पर दूसरे नंबर पर आने में भी नाकाम रही। 2015 में भी कांग्रेस शून्य सीट पर सिमटी थी। इस चुनाव में कांग्रेस का वोट प्रतिशत घटकर 4.36 प्रतिशत हो गया है। इस बार कांग्रेस ने दिल्ली में कुल 66 उम्मीदवारों को उतारा था वहीं 4 सीटों पर सहयोगी आरजेडी के प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा। किसी भी सीट पर वो मुकाबले में नहीं रहे।
दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने भी पद से इस्तीफा दे दिया है। चोपड़ा ने कहा, अध्यक्ष होने के नाते मैं लोगों को समझाने में नाकाम रहा, हार की जिम्मेदारी लेता हूं। हम पार्टी के प्रदर्शन के पीछे क्या कारण रहे इस पर विचार करेंगे। हमारे वोटों में गिरावट का बड़ा कारण आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी द्वारा किया गया ध्रुवीकरण है। अरविंद केजरीवाल को बधाई, लेकिन अपने काम की वजह से नहीं चतुराई और विज्ञापनों की वजह से वह जीते हैं।












Click it and Unblock the Notifications