दिल्ली के 61 फीसदी नवनिर्वाचित विधायकों के खिलाफ दर्ज हैं आपराधिक मामले: ADR
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव की 70 सीटों पर हुए चुनाव के नतीजे मंगलवार को आए हैं। आम आदमी पार्टी ने 62 और भारतीय जनता पार्टी ने आठ सीटें जीती हैं। 2015 में आप ने 67 और भाजपा ने 3 सीटें जीती थीं। ऐसे में सीटों का गणित थोड़ा सा बदला है लेकिन विधायकों के खिलाफ आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड काफी बदला है। नवनिर्वाचित विधायकों में 61 फीसदी के खिलाफ आपराधिक मामले हैं। 50 फीसदी से ज्यादा के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले चल रहे हैं।
Recommended Video

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की एक रिपोर्ट के अनुसार ये आंकड़ा सामने आया है। उम्मीदवारों की अपने हलफनामें में चुनाव आयोग को दी गई जानकारी के मुताबिक नए चुनकर आए 70 में से 43 सदस्यों, यानी 61 फीसदी पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। इन 43 में से 37 पर बलात्कार, हत्या के प्रयास और महिलाओं के खिलाफ अपराध जैसे मामले हैं। यानी 50 फीसदी से ज्यादा नए एमएलए गंभीर आपराधिक मुकदमों का सामना कर रहे हैं।
37 में से 13 नवनिर्वाचित विधायकों के खिलाफ ने महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले हैं। इनमें एक बलात्कार से जुड़ा केस है। आम आदमी पार्टी के 62 में से 38 के खिलाफ आपराधिक मामले हैं। वहीं भाजपा के आठ में से पांच विधायक आपराधिक मामलों का सामना कर रहे हैं।
पिछली विधानसभा (2015 में चुने गए विधायक) में 70 में से 24 विधायकों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामलों का जानकारी चुनाव आयोग को दी थी। ये कुल विधायकों का 34 फीसदी था, जो इस बार 61 फीसदी है।
नवनिर्वाचित विधायकों की संपत्ति की बात की जाए तो नई विधानसभा में करोड़पतियों की बड़ी संख्या है। 70 में से 52 करोड़पति हैं। आप के 62 में से 45 और भाजपा के आठ में से सात विधायकों ने एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है।
आप के 62 विधायकों की प्रति विधायक औसत संपत्ति 14.96 करोड़ रुपए और आठ भाजपा विधायकों की औसत संपत्ति 9.10 करोड़ रुपए है। नई विधानसभा में प्रति विधायक औसत संपत्ति 14.29 करोड़ रुपए है। 2015 में प्रति विधायक औसत संपत्ति 6.29 करोड़ थी।
मुंडका से जीते आप विधायक धर्मपाल लकड़ा 292 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के मालिक हैं। नई विधानसभा में वो सबसे अमीर विधायक हैं। आरके पुरम विधायक प्रमिला टोकस के पास कुल 80 करोड़ रुपए की संपत्ति है। पटेल नगर के विधायक राज कुमार आनंद हैं, जिनके पास 78 करोड़ रुपये की संपत्ति है। मंगोलपुरी से आप की विधायक राखी बिड़ला के पास सबसे कम 76,000 की संपत्ति है।
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर 8 फरवरी को मतदान हुआ था, मंगलवार को नतीजों का ऐलान किया गया है। आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। दिल्ली में बहुमत के लिए 36 सीटों की जरूरत है। आम आदमी पार्टी को 62 सीटों पर जीत मिली है। आप लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। 2015 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 70 में से 67 विधानसभा सीट हासिल की थीं। इस चुनाव में भी नतीजे बहुत अलग नहीं रहे हैं।













Click it and Unblock the Notifications